विधानसभा अध्यक्ष Vasudev Devnani ने किया सड़क एवं सामुदायिक भवनों के कार्य का शुभारंभ

Vasudev Devnani: अजमेर उत्तर क्षेत्र में करोड़ों रूपए की लागत से बनेंगी नई सड़कें

विधानसभा अध्यक्ष Vasudev Devnani ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में करोड़ों रूपए की लागत से अजमेर की प्रमुख सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। दीपावली से पूर्व सभी प्रमुख सड़कों का पेचवर्क पूरा किया जाएगा। राज्य सरकार ने इसके लिए स्वीकृति जारी कर दी है। सड़क निर्माण में गुणवत्ता एवं समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने अजमेर में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने पुरानी मंडी में सामुदायिक भवन, खरेकड़ी में शंकर भगवान मंदिर से मेला ग्राउण्ड तक सीसी सड़क, हाथीखेड़ा में सामुदायिक भवन निर्माण एवं कोटश्वर कॉलोनी में सीसी सड़क के कार्य का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री देवनानी ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण अजमेर शहर की ज्यादातर सड़कों को भारी क्षति पहुंची है। इन सड़कों के सुधार के लिए राज्य सरकार से विशेष स्वीकृति दिलवाई गई है। शहर की सड़कों पर पेचवर्क का कार्य दीपावली तक पूर्ण कर लिया जाएगा। शहर में करोड़ों रूपए की लागत से नई सड़कों का निर्माण करावाया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता एवं समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि दीपावली से पूर्व शहर की सभी सड़कों का पेचवर्क, मरम्मत एवं नवीनीकरण का काम पूरा कर लिया जाए। निर्माण व पेचवर्क में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशासन पेराफेरी गांवों में आबादी विस्तार एवं विभिन्न कॉलोनियों को नगर निगम में हस्तांतरित करने का काम भी जल्द पूरा करें ताकि इन कॉलोनियों में विकास कार्य करवाए जा सकें।

उन्होंने कहा कि अजमेर के पेराफेरी ग्राम हाथीखेडा, बोराज, काजीपुरा, लोहागल, माकड़वाली, अजयसर, खरेखडी में आबादी विस्तार एवं आवासीय पट्टे दिलाए जाने की कार्यवाही जल्द शुरू होगी। फॉयसागर रोड़ स्थित कॉलोनियां जो कि वर्तमान में पंचायत समिति हाथीखेड़ा में आ रही है उन्हें नगर निगम सीमा में सम्मिलित करने की कार्यवाही की जाएगी। इसी तरह हाउसिंग बोर्ड एवं अजमेर विकास प्राधिकरण की पुरानी आवासीय कॉलोनियों या योजनानाओं को नगर निगम अजमेर को हस्तान्तरित कराए जाने के प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय जारी संकल्प पत्र के 70 प्रतिशत से अधिक कार्य आरम्भ हो गए है। तेलंगाना हाऊस का आवंटन निरस्त किया गया है। साइन्स पार्क को पुनः स्वीकृत करवाकर अपग्रेड करते हुए बी-2 श्रेणी के लिए शिलान्यास किया गया है।

श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र अन्तिम सिरे पर होने के कारण पेयजल आपूर्ति की समस्या रही थी। अब इसे टेल एण्ड से फ्रण्ट एण्ड का बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। यहां तीन रिजर्वायर बनाने के लिए 270 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है। भूमि आवंटन भी किया गया है। बीसलपुर बांध से निर्भरता कम करने के लिए पहली बार फॉयसागर झील का पानी पेयजल के लिए उपलब्ध हुआ। यहां से पानी लेने के लिए एक करोड़ की राशि उपलब्ध करवाई गई है। इसी प्रकार अजमेर शहर के पारम्परिक जल स्त्रोतों 22 बावडियों का चिन्हीकरण कर पानी फिल्टर प्लांट तक लाया जाएगा। बिसलपुर बांध से पानी की आवक बढ़ाने के लिए इण्टेक वेल भी बनाया जाएगा। इससे अजमेर को 7 टीएमसी तक पानी उपलब्ध होगा। ईआरसीपी परियोजना से फॉयसागर को जोड़ने से हमेशा पानी भरा रहेगा। जलदाय विभाग के पम्पिंग स्टेशनों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए अतिरिक्त फिडर से जोड़ने के लिए भी पर्याप्त राशि स्वीकृत की गई है।

उन्होंने कहा कि अजमेर की पहचान शिक्षा नगरी के रूप में बनी रहनी चाहिए। इसके लिए भारतीय तकनीकी संस्थान की तर्ज पर आरआईटी के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज का चुनाव किया गया है। इसी प्रकार आयुर्वेद विश्वविद्यालय भी खुलेगा। इसके लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया जारी है। एम्स के स्तर की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वर्तमान टीबी अस्पताल भवन में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक बनाया जाएगा। कोटड़ा में भी सैटेलाईट चिकित्सालय बनेगा।

उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अजयसर में लेपर्ड सफारी विकसित की जाएगी। यहां तक सुगम पहूंच सुनिश्चित करने के लिए चामुण्डा माता मन्दिर तक रोपे वे बनाया जाएगा। म्यूजियम बनने से भी पर्यटन में वृद्धि होगी। यातायात को पर्यावरण हितैषी बनाने के लिए 50 इलेक्ट्रीक बसें चलाई जाएगी। इसी प्रकार एथेलेटिक एकेडमी और स्पोर्टस कॉलेज आरम्भ होने से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। रोजगार बढ़ाने के लिए आईटी पार्क की स्थापना होगी। इसके लिए भूमि आवंटन किया जा चुका है। रोडवेज बस स्टेण्ड भी 40 करोड़ की लागत से नया बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अजमेर के विकास की गति अनवरत बनी रहेगी। पहले बजट में ही 1500 करोड़ से अधिक की सौगातें मिली है। भविष्य में ड्रेनेज सिस्टम को अपग्रेड करने पर कार्य किया जाएगा। फॉयसागर के केचमेण्ट एरीया की सुरक्षा के लिए 5 करोड़ की राशि से दीवार बनाई जाएगी। इस अवसर पर स्थानीय जन प्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।

Source: https://dipr.rajasthan.gov.in/

Exit mobile version