मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हरिद्वार के किसानों ने गन्ना भेंटकर ‘किसान पुत्र’ की उपाधि से सम्मानित किया
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हरिद्वार के किसानों ने गन्ना भेंटकर ‘किसान पुत्र’ की उपाधि से सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश से अधिक गन्ने का मूल्य निर्धारित किया है, ताकि किसानों को समय पर उचित लाभ मिल सके और उनकी आय सुनिश्चित हो।
हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भारी संख्या में किसान, विधायक, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ब्लॉक प्रमुख उपस्थित थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत फूल मालाओं और गन्ना भेंटकर किया गया। किसानों ने इस मौके पर अपनी भावनाओं और अपेक्षाओं को साझा किया।
also read:- उत्तराखंड सरकार ने पर्वतीय क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों…
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की सरकार किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि गन्ने का मूल्य ऐतिहासिक तौर पर 30 रुपये बढ़ाकर 405 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब उन्हें प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई थी, तब से ही उन्होंने निर्णय लिया था कि उत्तर प्रदेश से अधिक गन्ना मूल्य रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनका जन्म एक सैनिक और किसान परिवार में हुआ, और उन्होंने स्वयं किसानों के बीच मेहनत कर अपने अनुभवों को सीखा है। इस अनुभव के आधार पर ही उन्होंने किसानों के लिए उचित मूल्य सुनिश्चित किया। इस निर्णय से न केवल गन्ना किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि किसानों में आत्मविश्वास और संतोष भी बढ़ेगा।
किसानों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ‘किसान पुत्र’ की उपाधि देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसानों का धन्यवाद किया और कहा कि उनकी सरकार हर समय किसानों के हितों और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता देती रहेगी।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x
