उत्तराखंड में मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 का समापन, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने वाली नई खेल नीति पर जोर दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नई नीति से खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति दी जा रही है, साथ ही खेलों के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।
ननूरखेड़ा मिनी स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय मुकाबलों में देहरादून जनपद की टीम विजेता बनी और उन्हें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ट्रॉफी और 5 लाख रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
सीएम धामी ने कहा कि इस वर्ष प्रतियोगिता को नए प्रारूप में आयोजित किया गया, जिसमें न्याय पंचायत स्तर से शुरू होकर विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर होते हुए राज्य स्तर तक पहुंचने का अवसर मिला। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर दिखाने का अवसर मिला। पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा, जिससे युवाओं का मनोबल बढ़ेगा।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आउट ऑफ टर्न नौकरी, सरकारी सेवाओं में आरक्षण, छात्रवृत्ति, प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय और गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण पहलों से उत्तराखंड अब खेलों के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है।
खेल मंत्री ने आगे कहा कि बीते 4 साल में प्रदेश सरकार ने पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने आगामी 39वें राष्ट्रीय खेलों, 2030 में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 में संभावित ओलंपिक की तैयारी के महत्व को भी रेखांकित किया।
समारोह में विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल और प्रदेश के सभी जनपदों से हजारों खिलाड़ी उपस्थित रहे।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x
