Russia Ukraine War : अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन बोले- हमला देश पर नहीं समूचे यूरोप पर हमला है

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन (US President Joe Biden) ने रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन पर निशाना साधते हुए कहा कि यूक्रेन पर रूस का आक्रमण केवल एक देश पर हमला नहीं यह वैश्विक शांति और समूचे यूरोप पर हमला है। स्‍टेट आफ यूनियन को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने कहा कि 1 साल पहले की तुलना में हम आज अधिक मजबूत हैं और भविष्‍य में भी मजबूत होंगे। हम अपने लोकतंत्र को सुरक्षित करेंगे। मौजूदा चुनौतियों में हम एक व्यक्ति… एक अमेरिका… यूनाइटेड स्‍टेट आफ अ‍मेरिका के रूप में इसे अवश्‍य करेंगे।

इससे पहले एक अन्‍य संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन (US President Joe Biden) ने नाटो सहयोगी देशों की सुरक्षा के प्रति अमेरिकी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। पूर्वी यूरोपीय देश के खिलाफ रूस की बढ़ती आक्रामकता के बीच शुक्रवार को फिनलैंड के राष्ट्रपति साउली निनिस्तो के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान जो बाइडन ने कहा कि फिनलैंड और अमेरिका हाल के दिनों से लगातार संपर्क में हैं। बाइडन और निनिस्तो के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

WHITE HOUSE की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राष्‍ट्रपति जो बाइडन ने नाटो के खिलाफ रूस के हमले को रोकने के लिए 9 हजार अमेरिकी सैनिकों की तैनाती के लिए पोलैंड की साझेदारी का आभार जताया। गौरतलब है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ अमेरिकी सख्ती जारी है। हाल ही में अमेरिका ने पचास शीर्ष रूसी अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसमें पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव भी शामिल हैं।

Exit mobile version