मशहूर बॉडीबिल्डर और अभिनेता वरिंदर सिंह घुम्मन का 41 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक से निधन। मिस्टर इंडिया रह चुके घुम्मन भारत के पहले शाकाहारी प्रोफेशनल बॉडीबिल्डर थे। पढ़ें उनकी प्रेरणादायक कहानी।
पंजाब के प्रसिद्ध बॉडीबिल्डर और अभिनेता वरिंदर सिंह घुम्मन का वीरवार को अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 41 वर्षीय वरिंदर को कंधे में दर्द के चलते अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके असमय निधन से खेल, फिल्म और फिटनेस जगत में गहरा शोक फैल गया है।
बॉडीबिल्डिंग का चमकता सितारा वरिंदर सिंह घुम्मन
वरिंदर सिंह घुम्मन का नाम भारतीय बॉडीबिल्डिंग जगत में बड़े सम्मान से लिया जाता है। वर्ष 2009 में उन्होंने मिस्टर इंडिया का खिताब जीतकर खुद को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया। इसके अलावा वे मिस्टर एशिया प्रतियोगिता में भी दूसरे स्थान पर रहे थे।
उनकी सबसे खास पहचान यह थी कि वह दुनिया के पहले शुद्ध शाकाहारी पेशेवर बॉडीबिल्डर थे। फिटनेस की दुनिया में उन्होंने यह मिथक तोड़ा कि मजबूत शरीर पाने के लिए मांसाहार जरूरी होता है। उनकी शाकाहारी जीवनशैली और सख्त अनुशासन ने उन्हें लाखों युवाओं का प्रेरणास्त्रोत बना दिया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व
वरिंदर सिंह घुम्मन को आईएफबीबी प्रो कार्ड से सम्मानित किया गया था, जो प्रोफेशनल बॉडीबिल्डिंग में एक बहुत बड़ा सम्मान माना जाता है। वर्ष 2011 में ऑस्ट्रेलिया ग्रां प्रिक्स में उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर दुनियाभर में भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया और भारतीय बॉडीबिल्डिंग टीम का नेतृत्व भी किया।
ALSO READ:- रेखा जन्मदिन: सांवली सलोनी से बनी बॉलीवुड की स्टाइल…
बॉलीवुड और पंजाबी सिनेमा में भी जमाया था रंग
वरिंदर सिंह घुम्मन ने अपने शानदार व्यक्तित्व और कद-काठी के चलते फिल्मी दुनिया में भी कदम रखा। उन्होंने सुपरस्टार सलमान खान के साथ ‘टाइगर 3’ (2023) में काम किया था। इसके अलावा उन्हें ‘Roar: Tigers of the Sundarbans’ (2014) और ‘Marjaavaan’ (2019) जैसी हिंदी फिल्मों में भी देखा गया।
पंजाबी फिल्म ‘Kabaddi Once Again’ (2012) में भी उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया। अपने एक्टिंग करियर के दौरान उन्होंने यह साबित किया कि एक स्पोर्ट्समैन भी फिल्मों में सफलता पा सकता है।
फिटनेस को बनाया जीवन का मिशन
वरिंदर सिंह घुम्मन न केवल एक सफल बॉडीबिल्डर और अभिनेता थे, बल्कि एक प्रेरणादायक फिटनेस आइकॉन भी थे। वे जालंधर में एक जिम के मालिक थे और सोशल मीडिया पर वर्कआउट और मोटिवेशनल वीडियो शेयर कर युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करते थे।
उन्होंने हाल ही में 2027 में पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा भी व्यक्त की थी, जिससे यह संकेत मिला था कि वे सामाजिक सेवा की ओर भी कदम बढ़ा रहे थे।
अंतिम विदाई पर नेताओं ने जताया शोक
वरिंदर सिंह घुम्मन के निधन पर विभिन्न राजनीतिक नेताओं ने भी गहरा शोक व्यक्त किया:
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने उन्हें “पंजाब की शान” बताया और कहा कि उनका निधन देश के लिए एक अपूर्णीय क्षति है।
कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने ट्वीट कर लिखा, “वरिंदर की मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा ने पंजाब को गौरवान्वित किया।”
विधायक परगट सिंह ने उन्हें “डेडिकेटेड वेजिटेरियन और अनुशासित एथलीट” बताया।
शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि वरिंदर ने अपने जीवन में जो ऊंचाइयां हासिल कीं, वे हर युवा के लिए प्रेरणा हैं।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x
