आप पार्षदों ने सत्य निकेतन में भाजपा विधायक के कथित अवैध PG का मुद्दा MCD स्टैंडिंग कमेटी में उठाया। अंकुश नारंग ने कार्रवाई की मांग की।
आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षदों ने गुरुवार को हुई एमसीडी की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में सत्य निकेतन में चल रहे भाजपा विधायक अनिल शर्मा के अवैध पीजी का मुद्दा जोरशोर से उठाया। इस बाबत पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि विधायक अनिल शर्मा ने एमसीडी नियमों को दरकिनार कर सत्य निकेतन में ग्राउंड समेत छह मंजिला पीजी बनाई है। भाजपा नेताओं का एक नेक्सस है जो अवैध पीजी चला रहा है और लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने एमसीडी की क्रियाकलापों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले से जो बिल्डिंग बन रही होती है, उसका भाजपा के लोग लेआउट प्लान लाते हैं और स्टैंडिंग कमेटी में पास करा कराते हैं। उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता और एमसीडी मेयर से पूछा कि भाजपा विधायक के अवैध पीजी के खिलाफ कब कार्रवाई होगी?
अंकुश नारंग ने कहा कि जब से एमसीडी और दिल्ली सरकार में भाजपा आई है, तब से दिल्ली में लगातार हादसों पर हादसे हो रहे हैं। साउथ जोन में पहले एक इमारत गिर गई, फिर दूसरी जगह एक इमारत में आग लग गई, जहां कोई फायर या बिल्डिंग नॉर्म्स फॉलो नहीं किए गए थे। अब सत्य निकेतन में जो दर्दनाक हादसा हुआ, जहां इमारत गिरने से बच्चे मलबे में फंस गए और दो दिन तक लगातार रेस्क्यू मिशन चलने के बाद भी कई जानें चली गईं। यह सब सिर्फ और सिर्फ भाजपा की नाकामी की वजह से हुआ है।
अंकुश नारंग ने बताया कि भाजपा के विधायकों, नेताओं और एमसीडी का एक नेक्सस है, जिसके कारण ये सारी गतिविधियां हो रही हैं। आरके पुरम से भाजपा के विधायक अनिल शर्मा की वहां बहुत सारी संपत्तियां हैं जो पीजी के रूप में चल रही हैं। आम आदमी पार्टी ने हाल ही में कुछ कागज भी दिखाए थे, जिनमें संपत्ति का अप्रूव्ड सैंक्शन प्लान 75 फीसद कवरेज एरिया का है। वह जगह 188 वर्ग मीटर की है, जिसमें से केवल 144 वर्ग मीटर पर निर्माण किया जा सकता है। उसमें बेसमेंट, स्टिल्ट पार्किंग और उसके ऊपर ग्राउंड, फर्स्ट, सेकंड और थर्ड फ्लोर का अप्रूवल है। जबकि वहां 110 फीसद कवरेज के साथ बिल्डिंग बनी हुई है, जो एमसीडी के नॉर्म्स और नक्शे की खुलेआम धज्जियां उड़ाती है। वहां पर ग्राउंड प्लस थ्री की मंजूरी थी, जबकि मौके पर ग्राउंड प्लस फाइव फ्लोर बिल्डिंग खड़ी कर दी गई।
अंकुश नारंग ने कहा कि यह बड़ी शर्म की बात है कि भाजपा के नेता ही एमसीडी के साथ नेक्सस करके इन बिल्डिंगों में पीजी चला रहे हैं। एग्रीमेंट में भाजपा विधायक अनिल शर्मा के पिता का नाम है। भाजपा खुलेआम धांधली और भ्रष्टाचार करके दिल्ली की जनता की जान के साथ खिलवाड़ और सौदा कर रही है। इस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और एमसीडी के मेयर प्रवेश वाही क्या कहेंगे और एमसीडी कमिश्नर इस पर क्या कार्रवाई करेंगे?
also read:- ‘भारत का सबसे बड़ा स्कैंडल’ SIR विवाद पर अरविंद केजरीवाल…
अंकुश नारंग ने बताया कि आज की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में यही मुख्य मुद्दा था। स्टैंडिंग कमेटी पिछले वर्ष भी सिर्फ दो ही मुद्दों पर अटक कर रह गई थी। एक प्रोजेक्ट अंडर हिल रोड का आया था। पहले इन्होंने उसे स्थगित किया, फिर पास किया और जब एक नेता से सेटिंग हो गई और दूसरे से नहीं हुई, तो इन्होंने उसे फिर से खारिज कर दिया। दूसरा प्रपोजल जामिया हमदर्द का था, उसमें भी इन्होंने ऐसा ही किया। ये लोग स्टैंडिंग कमेटी में ऐसे लेआउट प्लान लेकर आते हैं, जहां पहले ही बिल्डिंग बन चुकी होती है। एमसीडी का चीफ टाउन प्लानर और भाजपा नेता माफिया के रूप में काम कर रहे हैं। ये लोग सिर्फ अपनी सेटिंग कर रहे हैं और दिल्ली की जनता के टैक्स के पैसे के साथ धोखा कर रहे हैं।
अंकुश नारंग ने याद दिलाया कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और नए स्कूल खोलने की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा वाले पर्याप्त छात्र होने के बावजूद एमसीडी स्कूलों को आपस में मर्ज कर रहे हैं। ये लोग लगातार स्कूल की बिल्डिंगों को खाली करवाकर वहां आयुष्मान आरोग्य मंदिर बना रहे हैं, यानी सीधे उसका लैंड यूज बदल देते हैं, जिसका कोई प्रावधान ही नहीं है। खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी विधानसभा शालीमार बाग के एलयू ब्लॉक, पीतमपुरा में एक एमसीडी स्कूल को बंद करके वहां पजल कार पार्किंग खोलने का प्रस्ताव दिया है। यह बड़ी शर्म की बात है कि खुद मुख्यमंत्री अपनी विधानसभा में स्कूल की जगह पार्किंग बनवा रही हैं।
अंकुश नारंग ने कहा कि एमसीडी के एजुकेशन चेयरमैन योगेश वर्मा वजीरपुर में एक स्कूल के अंदर कम्युनिटी लाइब्रेरी बनाना चाहते हैं। बच्चों के फायदे के लिए लाइब्रेरी बनाना अच्छी बात है, लेकिन वे स्कूल का एक हिस्सा एमसीडी के कम्युनिटी सर्विस डिपार्टमेंट (सीएसडी) को नहीं देना चाहते, जो वहां कम्युनिटी लाइब्रेरी बना सकता है। इसके बजाय वे उस लाइब्रेरी को एक एनजीओ को देना चाहते हैं, ताकि छह-आठ महीने में एनजीओ से उसे खाली करवाकर लैंड माफिया के रूप में उस जमीन पर कब्जा कर सकें।
अंकुश नारंग ने कहा कि जैसे पिछली बार स्टैंडिंग कमेटी अंडर हिल रोड और जामिया हमदर्द के मामलों में अटक कर रह गई थी, अब वह पूरी तरह से एक लैंड माफिया के रूप में काम कर रही है। एक तरफ भाजपा के विधायक अवैध पीजी बनाकर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनकी मुख्यमंत्री स्कूल बंद करके ऐसे अजीबोगरीब प्रस्ताव ला रही हैं जिनका एमसीडी में कोई प्रावधान ही नहीं है। वहीं, भाजपा के चेयरमैन खुद एनजीओ को जमीन देकर लैंड माफिया के रूप में काम कर रहे हैं। जब से दिल्ली सरकार और एमसीडी में भाजपा आई है, वह पूरी तरह से भ्रष्टाचारी और लैंड माफिया के रूप में दिल्ली की जनता के साथ खिलवाड़ कर रही है और उनकी जान जोखिम में डाल रही है। इसके लिए भाजपा को शर्म आनी चाहिए।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



