मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान अस्पताल में रहते हुए पंजाब बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। अब तक 22,938 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, 219 राहत शिविरों में मदद जारी।
पंजाब में आई भीषण बाढ़ के बीच मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान अस्पताल में इलाज के दौरान भी राहत एवं बचाव कार्यों की सक्रिय निगरानी कर रहे हैं। फोर्टिस अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ कर रहे मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, डीजीपी गौरव यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत प्रयासों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि कोई भी बाढ़ पीड़ित भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उन ग्रामीण इलाकों का उल्लेख किया जो बाढ़ के कारण मुख्य धारा से कट गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि प्रभावित लोगों तक भोजन, दवाइयां और अन्य जरूरी सहायता पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री की सेहत में सुधार हो रहा है और एक-दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार के अनुसार, पंजाब के 23 जिलों के 2050 गांव बाढ़ की चपेट में हैं और लगभग 3.87 लाख से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं। अब तक 22,938 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रदेश में 219 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं जहां 5404 लोगों को आश्रय दिया गया है। इसके अलावा, बाढ़ से लगभग 1.77 लाख हेक्टेयर फसलें प्रभावित हुई हैं। इस प्राकृतिक आपदा के कारण अब तक 48 लोगों की मौत हुई है, जबकि पठानकोट जिले से 3 लोग लापता हैं।
मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा ने बताया कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए हरसंभव कदम उठा रही है और राहत कार्य निरंतर जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का फोकस इस समय बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और राहत कार्यों पर केंद्रित है।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x
