फिरोजाबाद में 658 करोड़ की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, सीएम योगी बोले– यूपी अब माफिया मुक्त प्रदेश
फिरोजाबाद में सीएम योगी ने 658 करोड़ की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया, 568 लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को फिरोजाबाद जिले के टूंडला स्थित उसायनी में आयोजित कार्यक्रम में 658 करोड़ रुपये से अधिक की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 568 लाभार्थियों को उनके नए आवास की चाबियां भी सौंपी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि पहले के समय में जमीनों पर अवैध कब्जे और अराजकता का माहौल रहता था, लेकिन आज का उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त और विकासोन्मुख राज्य बन चुका है।
also read:- ललितपुर में विकास की नई गति: यूपी का पहला फार्मा पार्क…
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कुल 658.12 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं में से 333.15 करोड़ रुपये की 33 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, जबकि 324.97 करोड़ रुपये की 48 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
विधानसभा क्षेत्रवार बात करें तो टूंडला क्षेत्र में 14 परियोजनाओं का लोकार्पण और 26 का शिलान्यास किया गया, वहीं शिकोहाबाद क्षेत्र में 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और 22 का शिलान्यास हुआ। इसके अलावा फिरोजाबाद नगर निगम क्षेत्र में लगभग 54.12 करोड़ रुपये की योजनाओं को भी मंजूरी दी गई।
इन परियोजनाओं में स्मार्ट जोनल कार्यालय, डिजिटल लाइब्रेरी, सीनियर सिटीजन केयर सेंटर और वेस्ट टू वंडर पार्क जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल हैं, जो शहर के विकास को नई दिशा देंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर वर्ग तक विकास पहुंचाना और प्रदेश को आधुनिक बुनियादी ढांचे से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश निवेश और विकास के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



