LSG के मालिक संजीव गोयनका की RPSG ग्रुप ने लंकाशायर क्लब से करार किया। ओल्ड ट्रैफर्ड के पास खिलाड़ियों के लिए हाई-परफॉर्मेंस सेंटर बनेगा।
नई दिल्ली: आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मालिक संजीव गोयनका की RPSG ग्रुप ने इंग्लैंड के प्रतिष्ठित लंकाशायर काउंटी क्रिकेट क्लब के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत मैनचेस्टर स्थित ऐतिहासिक ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड के पास अत्याधुनिक हाई-परफॉर्मेंस सेंटर विकसित किया जाएगा। यह सुविधा भविष्य में RPSG ग्रुप की क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों के लिए प्रमुख ट्रेनिंग और रिकवरी हब बनेगी।
यह बहु-मिलियन पाउंड की परियोजना ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम के पीछे स्थित भूमि पर विकसित की जाएगी। समझौते के तहत यहां विश्वस्तरीय क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक और खेल विज्ञान पर आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा।
खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक ट्रेनिंग सुविधाएं
नए हाई-परफॉर्मेंस सेंटर में अत्याधुनिक इंडोर नेट्स, हाई-टेक जिम, आउटडोर प्रैक्टिस एरिया, स्पोर्ट्स साइंस लैब, मेडिकल और रिकवरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही लंकाशायर क्रिकेट क्लब के मौजूदा इंडोर ट्रेनिंग सेंटर का भी व्यापक आधुनिकीकरण किया जाएगा।
इस सुविधा का उद्देश्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के साथ-साथ उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
LSG के अलावा इन टीमों को भी मिलेगा फायदा
यह हाई-परफॉर्मेंस सेंटर केवल लखनऊ सुपर जायंट्स तक सीमित नहीं रहेगा। RPSG ग्रुप की अन्य फ्रेंचाइजी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (द हंड्रेड लीग) और डरबन सुपर जायंट्स (SA20 लीग) के खिलाड़ी भी इसका उपयोग कर सकेंगे।
इसके अलावा, ओल्ड ट्रैफर्ड में खेलने आने वाली अंतरराष्ट्रीय और विदेशी क्रिकेट टीमों को भी इस सुविधा का लाभ मिलने की संभावना है। इससे यह केंद्र इंग्लैंड के प्रमुख क्रिकेट प्रशिक्षण स्थलों में शामिल हो सकता है।
also read:- SA20 2027 Schedule Announced: टूर्नामेंट का आगाज 17 जनवरी…
मैनचेस्टर सुपर जायंट्स में भी RPSG की मजबूत मौजूदगी
संजीव गोयनका केवल आईपीएल में LSG के मालिक ही नहीं हैं, बल्कि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की द हंड्रेड प्रतियोगिता की टीम मैनचेस्टर सुपर जायंट्स में भी उनकी 70 प्रतिशत हिस्सेदारी है। टीम मौजूदा सीजन में अच्छी शुरुआत करते हुए अंक तालिका में शीर्ष टीमों में शामिल है।
संजीव गोयनका ने बताया दीर्घकालिक निवेश
RPSG ग्रुप के चेयरमैन संजीव गोयनका ने कहा कि क्रिकेट हमेशा से उनके समूह के खेल निवेश का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि लंकाशायर क्रिकेट क्लब के साथ यह साझेदारी खिलाड़ियों के विकास के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की साझा सोच का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक नया ट्रेनिंग सेंटर नहीं होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के क्रिकेटरों के लिए एक स्थायी विरासत तैयार करेगा। आधुनिक संसाधनों और वैज्ञानिक प्रशिक्षण के जरिए खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
RPSG ग्रुप और लंकाशायर क्रिकेट क्लब का मानना है कि यह परियोजना ओल्ड ट्रैफर्ड और आसपास के क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर को वैश्विक स्तर पर और अधिक मजबूत बनाएगी तथा भविष्य के खिलाड़ियों के लिए उत्कृष्ट प्रशिक्षण वातावरण तैयार करेगी।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



