PM मोदी कल करेंगे PGIMER के ₹1,250 करोड़ के हेल्थ प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन, उत्तर भारत की स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई ताकत
एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड केयर सेंटर, एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर का होगा उद्घाटन, क्रिटिकल केयर ब्लॉक की भी रखी जाएगी आधारशिला
PM नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को PGIMER चंडीगढ़ में ₹1,250 करोड़ की स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। नए न्यूरोसाइंस और मदर-चाइल्ड केयर सेंटर शुरू होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (17 जुलाई) को चंडीगढ़ स्थित पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) का दौरा करेंगे। इस दौरान वह करीब ₹1,250 करोड़ की लागत से तैयार और प्रस्तावित कई आधुनिक स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों के लाखों मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
इन प्रमुख परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन
PGIMER के निदेशक डॉ. विवेक लाल के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ संस्थान पहुंचेंगे। इस दौरान वह एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड केयर सेंटर और एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर का उद्घाटन करेंगे। साथ ही नए क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला भी रखेंगे।
डॉ. विवेक लाल ने बताया कि इन परियोजनाओं से संस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा काफी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि PGIMER आयुष्मान भारत योजना के तहत अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं बेहद कम लागत या पात्र लाभार्थियों के लिए निशुल्क उपलब्ध कराता है, इसलिए इन नई सुविधाओं का सीधा लाभ बड़ी संख्या में मरीजों को मिलेगा।
300 बेड वाला बनेगा आधुनिक न्यूरोसाइंस सेंटर
नई परियोजना के तहत बनने वाला एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी सेवाओं को नई ऊंचाई देगा। वर्तमान में इन विभागों में लगभग 50 बेड उपलब्ध हैं, जबकि नए सेंटर में 300 इनडोर बेड, 60 अत्याधुनिक ICU बेड, 40 इमरजेंसी बेड, आधुनिक CT Scan, MRI, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होंगे।
also read:- के. कामराज की 124वीं जयंती पर पीएम मोदी समेत तमिलनाडु के…
इस विस्तार से गंभीर न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के मरीजों को तेजी से और बेहतर इलाज मिल सकेगा।
माताओं और नवजात शिशुओं को मिलेगा विशेष उपचार
प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित किए जाने वाले 300 बेड के एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड केयर सेंटर में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के इलाज के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सेंटर में विशेष ICU, निजी वार्ड और उच्च स्तरीय चिकित्सा व्यवस्था विकसित की गई है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
क्रिटिकल केयर सेवाएं होंगी और मजबूत
इस अवसर पर प्रधानमंत्री 150 बेड वाले नए क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला भी रखेंगे। यह परियोजना आयुष्मान भारत योजना के तहत विकसित की जाएगी और गंभीर मरीजों के इलाज के लिए आधुनिक आपातकालीन एवं क्रिटिकल केयर सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
प्रधानमंत्री के चंडीगढ़ दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। लोगों से शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक चंडीगढ़-नयागांव बैरियर से PEC लाइट प्वाइंट और सेक्टर 2/3/10-11 चौक के मार्ग से बचने की अपील की गई है।
प्रशासन ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है। नागरिकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। साथ ही कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



