लखनऊ में विश्वकप ट्रॉफी का भव्य स्वागत, सीएम योगी बोले- ‘ये स्वर्णिम इतिहास का स्मरण कराने वाला क्षण’

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जूनियर हॉकी विश्वकप ट्रॉफी का स्वागत किया। सीएम योगी ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के स्वर्णिम खेल इतिहास का स्मरण कराने वाला क्षण है।

लखनऊ में बुधवार को जूनियर हॉकी विश्वकप ट्रॉफी का भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस ट्रॉफी का आगमन न केवल गौरव का विषय है बल्कि यह राज्य के स्वर्णिम खेल इतिहास का स्मरण कराने वाला क्षण भी है।

भारत की मेजबानी में चेन्नई और मदुरई में 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक होने जा रहे जूनियर पुरुष हॉकी विश्वकप 2025 की ट्रॉफी यात्रा देश के कई शहरों से होते हुए लखनऊ पहुंची, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों और अधिकारियों का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने किया खिलाड़ियों के योगदान का उल्लेख

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हॉकी भारत की शान है और उत्तर प्रदेश ने इस खेल को कई महान खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने कहा  “हॉकी इंडिया में उत्तर प्रदेश का योगदान अविस्मरणीय है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्म इसी धरती पर हुआ था। उनकी स्मृतियों को सहेजने के लिए मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि के.डी. सिंह बाबू, मोहम्मद शाहिद, अशोक कुमार, सैयद अली, डॉ. आर.पी. सिंह, सुजीत कुमार, अब्दुल अजीज, सुबोध खांडेकर और ललित उपाध्याय जैसे खिलाड़ियों ने न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

वर्तमान खिलाड़ियों पर गर्व

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश के राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति और पूर्णिमा जैसे खिलाड़ी भारतीय टीम में चयनित होकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह ट्रॉफी यात्रा इन खिलाड़ियों के मनोबल को और ऊंचा करेगी।

also read:- CM योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को कड़े निर्देश दिए, दिल्ली…

24 देशों की टीमें लेंगी भाग

सीएम योगी ने बताया कि इस साल के जूनियर पुरुष हॉकी विश्वकप में भारत सहित चीन, बेल्जियम, जापान, स्पेन, न्यूजीलैंड, चिली, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया समेत कुल 24 टीमें हिस्सा लेंगी। उन्होंने भारतीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “भारत एक बार फिर विश्व हॉकी में अपनी चमक बिखेरेगा।”

सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों और हॉकी प्रेमियों का लखनऊ में स्वागत करते हुए कहा- “जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन न केवल खेल भावना का उत्सव है बल्कि यह भारत की युवा शक्ति और एकता का प्रतीक भी है। मैं भारतीय खिलाड़ियों की सफलता की मंगलकामना करता हूं।”

For English News: http://newz24india.in

Exit mobile version