सीएम योगी आदित्यनाथ ने आधुनिक बीज नीति बनाने के दिए निर्देश, प्रति हेक्टेयर उत्पादकता बढ़ाने पर रखा जोर

UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रति हेक्टेयर उत्पादकता बढ़ाने के लिए आधुनिक बीज नीति बनाने के निर्देश दिए। उच्च पैदावार, रोग प्रतिरोधक और जलवायु अनुकूल किस्मों पर होगा जोर।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कृषि क्षेत्र को और सशक्त बनाने के लिए आधुनिक बीज नीति बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बीज नीति का मुख्य उद्देश्य प्रति हेक्टेयर उत्पादकता बढ़ाना होना चाहिए, ताकि छोटे और सीमित रकबे वाले खेतों में भी किसानों की पैदावार अधिक हो।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ हुई बैठक में स्पष्ट किया कि नई बीज नीति में उच्च पैदावार देने वाली, रोग प्रतिरोधक और जलवायु अनुकूल किस्मों को प्राथमिकता दी जाएगी। उनका कहना था कि कृषि उत्पादन की असली ताकत भरोसेमंद, सर्टिफाइड और उच्च गुणवत्ता वाले बीज में निहित है। उन्होंने जोर दिया कि आधुनिक बीज नीति समय की मांग है, क्योंकि जमीनें लगातार छोटी होती जा रही हैं।

also read:- सीएम योगी आदित्यनाथ ने गांधी जी की प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि, ‘रघुपति राघव राजाराम…’ का किया मनन

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “बीज नीति में ऐसी किस्मों को शामिल किया जाना चाहिए जो आने वाले साल की खेती की चुनौतियों का सामना कर सकें। बीज उत्पादन, प्रोसेसिंग और स्टोरेज में आधुनिक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करना आवश्यक है, ताकि किसानों को हमेशा प्रमाणित और उच्च गुणवत्ता वाले बीज मिलें।”

योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि ‘एंड-टू-एंड ट्रेसबिलिटी’ अनिवार्य की जाए ताकि हर बीज पैकेट सर्टिफाइड और टेस्टेड हो। मुख्यमंत्री ने मिलावटी या घटिया बीज के खिलाफ सख्ती बरतने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने बीज अनुसंधान, नई किस्मों के विकास और वितरण के लिए कृषि विश्वविद्यालयों, ICAR संस्थानों, UPCAR और निजी बीज उद्योग को एक साझा प्लेटफॉर्म पर लाने पर जोर दिया।

सीएम योगी आदित्यनाथ का मानना है कि इस नई और आधुनिक बीज नीति से किसानों की आय बढ़ेगी, खेती में जोखिम कम होगा और उत्तर प्रदेश में कृषि उत्पादन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

For English News: http://newz24india.in

Exit mobile version