उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 10 फरवरी को देहरादून से ‘एकल महिला स्वरोजगार योजना’ का शुभारंभ करेंगे।
उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश की एकल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक नई योजना की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 10 फरवरी को देहरादून से “एकल महिला स्वरोजगार योजना” का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत महिलाएं स्वरोजगार कर आत्मनिर्भर बन सकेंगी और उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिलेगा।
सरकार की ओर से योजना के तहत महिलाओं को परियोजना लागत पर 50 से 75 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी। लाभार्थी को केवल 25 प्रतिशत योगदान करना होगा। स्वरोजगार योजना के शुरुआती चरण में प्रदेश के विभिन्न जिलों की 484 महिलाओं का चयन किया गया है। इसमें देहरादून से 191, नैनीताल से 75, पौड़ी गढ़वाल से 66, बागेश्वर से 42, टिहरी गढ़वाल से 23 और ऊधमसिंह नगर से 87 महिलाएं शामिल हैं।
योजना के पात्र लाभार्थी
उत्तराखंड मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना अविवाहित, तलाकशुदा, निराश्रित, विधवा, परित्यक्ता, ट्रांसजेंडर, एसिड और अपराध पीड़ित महिलाओं के लिए है। योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं की आयु 21 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए और वार्षिक आय 72,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
also read:- सीएम पुष्कर सिंह धामी का टनकपुर दौरा: शारदा कॉरिडोर…
स्वरोजगार योजना के विकल्प
स्वरोजगार योजना के तहत महिलाएं टेलरिंग, ब्यूटी पार्लर, बेकरी, दुकान संचालन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों में निवेश कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, योजना में शामिल महिलाओं को जिला स्तर से आवेदनों के आधार पर चयनित किया गया है और अन्य जिलों से भी पात्र महिलाओं को योजना में शामिल किया जाएगा।
स्वरोजगार योजना का महत्व
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंशी लाल राणा के अनुसार, यह योजना अब तक की पहली ऐसी योजना है जो एकल महिलाओं को केंद्र में रखकर बनाई गई है। इससे महिलाएं स्वावलंबी बनेंगी और समाज में अपनी आर्थिक पहचान मजबूत कर सकेंगी।
सीएम धामी योजना के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न जिलों से पांच-पांच महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा। इस पहल के जरिए उत्तराखंड सरकार प्रदेश की एकल महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x
