राज्यपंजाब

पंजाब में बैलगाड़ी दौड़ को पुनर्जीवित करने के फैसले पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को सम्मानित किया गया

पंजाब सरकार ने पारंपरिक ग्रामीण खेलों के संरक्षण हेतु बैलगाड़ी दौड़ को वैध करने का विधेयक पारित किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान को इस ऐतिहासिक कदम के लिए किया गया सम्मानित।

पंजाब बैलगाड़ी दौड़: पंजाब की गौरवशाली ग्रामीण परंपराओं को नया जीवन देने के लिए उठाए गए ऐतिहासिक कदम के तहत मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को पारंपरिक खेल प्रेमियों द्वारा बैलगाड़ी दौड़ को पुनः शुरू करने के लिए सम्मानित किया गया। राज्य में पारंपरिक खेलों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार को लेकर यह निर्णय मील का पत्थर माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि पंजाब सरकार राज्य की सांस्कृतिक विरासत और परंपरागत ग्रामीण खेलों को पुनर्जीवित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, “बैलगाड़ी दौड़ न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यह हमारी विरासत और पहचान का प्रतीक है।”

ऐतिहासिक कानून: बैलगाड़ी दौड़ को कानूनी मंज़ूरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि 11 जुलाई 2025 को पशु क्रूरता निवारण (पंजाब संशोधन) विधेयक, 2025 पंजाब विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित किया गया। अब यह कानून भारत के राष्ट्रपति की मंज़ूरी के इंतज़ार में है। यह विधेयक न केवल बैलगाड़ी दौड़ को वैध बनाएगा, बल्कि देशी पशु नस्लों के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगा।

उन्होंने यह स्पष्ट किया कि नए कानून में पशु कल्याण के लिए कड़े प्रावधान शामिल किए गए हैं, जैसे –पशु चिकित्सा निगरानी, पंजीकरण और पहचान दस्तावेज़, सुरक्षा मानक, उल्लंघन पर दंडात्मक कार्रवाई इससे यह सुनिश्चित होगा कि पारंपरिक खेलों में भाग लेने वाले पशुओं के साथ कोई क्रूरता न हो।

कबूतरबाज़ी और ग्रामीण ओलंपिक की वापसी की संभावना

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार कबूतरबाज़ी प्रतियोगिताओं को पुनः शुरू करने की संभावना पर विचार कर रही है। उन्होंने प्रसिद्ध किला रायपुर खेल महोत्सव का उल्लेख करते हुए कहा कि यह “ग्रामीण ओलंपिक” दुनिया भर में मशहूर है और इसे अंतरराष्ट्रीय मीडिया जैसे बीबीसी और डिस्कवरी ने भी कवर किया है।

नशे के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति

जनसभा में मुख्यमंत्री ने पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर भी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों पर बुलडोज़र कार्रवाई जारी रहेगी और समाज के असली दुश्मनों को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा।

उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर सवाल उठाते हुए कहा कि नशा कारोबार के अपराधियों के मानवाधिकारों की चिंता करने वाले नेता, आम पंजाबियों की तकलीफों पर क्यों चुप रहे?

also read:- मंत्री मोहिंदर भगत ने की पूर्व सैनिक कल्याण योजनाओं की…

सिंचाई और बिजली व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अब 63% कृषि भूमि नहरी पानी से सिंचित हो चुकी है, जो पहले केवल 21% थी। इसके अलावा, धान की खेती के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और किसान ट्यूबवेल का उपयोग कम करने लगे हैं।

गोविंदवाल पावर प्लांट को सरकारी अधिग्रहण

भगवंत मान ने यह घोषणा करते हुए गर्व जताया कि गोविंदवाल थर्मल पावर प्लांट का अधिग्रहण राज्य सरकार ने कर लिया है। इसे अब गुरु अमरदास थर्मल प्लांट के नाम से जाना जाएगा। यह पहला अवसर है जब किसी राज्य सरकार ने निजी पावर प्लांट को खरीदकर जनता को सौंपा है।

कार्यक्रम में ये रहे प्रमुख उपस्थित

इस समारोह में कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, हरदीप सिंह मुंडियां सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button