पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्यों के लिए एक महत्वपूर्ण ऐलान किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कहा कि कई इलाकों से बाढ़ का पानी उतर चुका है और अब जनजीवन को सामान्य बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर सफाई अभियान शुरू किया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि प्रत्येक गांव में जे.सी.बी., ट्रैक्टर-ट्रॉली और मजदूरों की सहायता से मलबे की सफाई की जाएगी। इसके बाद, गांवों में फॉगिंग करवाई जाएगी ताकि बाढ़ के बाद फैलने वाली बीमारियों से बचा जा सके। इस अभियान के लिए सरकार ने 100 करोड़ रुपये का बजट तय किया है, जिसमें प्रत्येक गांव को एक लाख रुपये का टोकन मिलेगा। अगर आवश्यकता पड़ी तो और धनराशि भी दी जाएगी। सफाई कार्य 24-25 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा, और 15 अक्टूबर तक सभी सार्वजनिक स्थानों की सफाई पूरी की जाएगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह भी ऐलान किया कि राज्य सरकार 2300 बाढ़ प्रभावित गांवों में मेडिकल कैंप लगाएगी। 1707 गांवों में सार्वजनिक स्थलों पर मेडिकल टीम और डॉक्टर हमेशा उपलब्ध रहेंगे। सरकार ने 550 एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह भी बताया कि 713 गांवों में लगभग ढाई लाख पशु बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। सरकार ने प्रत्येक गांव में पशु चिकित्सकों की टीम तैनात कर दी है। इसके अलावा, झोना 15 दिन पहले ही मंडियों में आने शुरू हो चुका है, और सरकारी खरीद 16 सितंबर से शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पंजाब जल्दी ही इस संकट से बाहर निकलकर सामान्य हालात में लौट आएगा। उन्होंने कहा कि जिन सरकारी तंत्रों को नुकसान हुआ है, उनका काम पहले ही शुरू हो चुका है। पशुओं और इंसानों में बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्थानीय अधिकारियों से अपील की कि अगर किसी को स्वास्थ्य संबंधित समस्या हो, तो वे तुरंत संपर्क करें।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



