बजट 2026 में ‘आयुष’ भारत के समेकित स्वास्थ्य देखभाल के केंद्र में
केंद्रीय आयुष मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आयुष ने अभूतपूर्व संस्थागत विकास और वैश्विक पहचान हासिल की
केंद्रीय बजट 2026-27 में आयुष पारितंत्र सुदृढ़ करने की घोषणाओं के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने इन्हें भारत की पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली को बड़ा समर्थन बताया।
आयुष मंत्री ने बजट को दूरदर्शी और भविष्योन्मुखी बताते हुए कहा कि ये उपाय समग्र, समावेशी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली उन्नत बनाने की सरकार की अटूट प्रतिबद्धता दर्शाते हैं, जिनमें आयुष एकीकृत स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण स्तंभ है।
वित्त मंत्री ने बजट भाषण में, आयुष में शिक्षा, अनुसंधान, गुणवत्ता आश्वासन, वैश्विक नेतृत्व, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा पर्यटन और कुशल कार्यबल बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। ये उपाय पारंपरिक चिकित्सा को निवारक स्वास्थ्य सेवा, आर्थिक विकास और कल्याण में वैश्विक नेतृत्व के मुख्य चालक के रूप में स्थापित करने की भारत की आकांक्षा मजबूत करते हैं।
बजट में ऐतिहासिक रूप से उच्च-गुणवत्तापूर्ण स्नातक और परास्नातक शिक्षा, उच्च अनुसंधान और आधुनिक उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं विस्तारित करने के लिए तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव है। मौजूदा राष्ट्रीय संस्थानों की सफलता के आधार पर इन संस्थानों से देश भर में शैक्षणिक मानक और समुन्नत होने तथा साक्ष्य-आधारित समेकित स्वास्थ्य सेवा सुदृढ़ होने की संभावना है।
बजट में आयुष फार्मेसियों और औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं को उच्च प्रमाणन मानकों के अनुरूप उन्नत बनाने का भी प्रस्ताव है। इस कदम से उत्पाद गुणवत्ता, उपभोक्ता विश्वास और निर्यात तैयारी बढ़ेगी, साथ ही औषधीय पौधे उगाने वाले किसानों और प्रसंस्करण और विनिर्माण में लगे सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को भी मदद मिलेगी।
भारत के वैश्विक नेतृत्व को और सुदृढ़ बनाते हुए, जामनगर स्थित विश्व स्वास्थ्य संगठन के वैश्विक पारंपरिक औषधि केंद्र को समुन्नत बनाया जाएगा, ताकि अनुसंधान सहयोग, अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण और नीतिगत संवाद को सघन बनाया जा सके और भारत पारंपरिक चिकित्सा के वैश्विक ज्ञान केंद्र के रूप स्थापित हो।
आर्थिक समेकन के महत्वपूर्ण कदम के तौर पर प्रस्तावित क्षेत्रीय उन्नत चिकित्सा पर्यटन केंद्र के रूप में पांच आयुष केंद्र स्थापित किये जाएंगे। इससे एकीकृत स्वास्थ्य देखभाल स्थानक बनेंगे जो उन्नत स्वास्थ्य चिकित्सा को पारंपरिक स्वास्थ्य प्रणाली, स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं और पुनर्वास (शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सामान्य जीवन में वापस लाना) में मदद करेंगे। इस पहल से आयुष चिकित्सक, थेरेपिस्ट (प्रशिक्षित चिकित्सा सहायता पेशेवर), योग प्रशिक्षक और संबंधित पेशेवरों के लिए बड़े पैमाने पर रोज़गार उत्पन्न होने की संभावना है।
राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचा – एनएसक्यूएफ केयरगिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम में योग और स्वास्थ्य देखभाल शामिल करने से – अगले साल डेढ़ लाख केयरगिवर तैयार किये जा सकेंगे, बढ़ती स्वास्थ्य देखभाल अर्थव्यवस्था में आयुष से जुड़े कौशल को मुख्यधारा में लाया जाएगा और अग्रिम और वृद्धावस्था देखभाल सेवाओं को मज़बूती मिलेगी।
श्री जाधव ने कहा कि पिछले एक दशक में, माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आयुष में अभूतपूर्व संस्थागत विकास, वैश्विक पहचान, डिजिटल विस्तार और अनुसंधान में प्रगति हुई है। यह बजट उसी मज़बूत नींव पर आधारित है, जिसमें विस्तार से आगे बढ़कर एकीकरण, गुणवत्ता वृद्धि और वैश्विक एकीकरण की ओर ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णायक क्षण है जहां पारंपरिक चिकित्सा पद्धति पूरक के रूप में नहीं, बल्कि भारत के स्वास्थ्य देखभाल भविष्य के अभिन्न अंग के रूप में देखा जा रहा है।
श्री जाधव ने बजट घोषणाओं के व्यापक आर्थिक प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि ये स्वास्थ्य नीति को ग्रामीण आजीविका, निर्यात वृद्धि, युवा रोज़गार और उद्यमिता से जोड़ती हैं – जिससे भारत साक्ष्य-आधारित समग्र स्वास्थ्य सेवा के वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है।
केंद्रीय आयुष मंत्री ने अटूट समर्थन और दूरदर्शी दृष्टिकोण के लिए माननीय प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह बजट स्वस्थ, आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर सम्मानित भारत के एकीकृत स्वास्थ्य सेवा को संस्थागत बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



