राज्यपंजाब

अमन अरोड़ा ने पीयू में छात्रों और पत्रकारों पर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की

अमन अरोड़ा: केंद्रीय भाजपा सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए तानाशाही का सहारा ले रही है

  • पीयू पर हमला लोकतंत्र पर हमला है, पंजाबी इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे: अमन अरोड़ा

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने आज पंजाब विश्वविद्यालय में अपने अधिकारों के लिए प्रदर्शन कर रहे छात्रों, उनका समर्थन कर रहे किसान संगठनों के नेताओं और कवरेज के लिए मौके पर पहुँचे पत्रकारों पर चंडीगढ़ पुलिस द्वारा किए गए बर्बर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। उन्होंने इस पुलिस कार्रवाई को भाजपा नीत केंद्र सरकार के इशारे पर लोकतांत्रिक आवाज़ को कुचलने की शर्मनाक और जानबूझकर की गई कोशिश करार दिया।

अमन अरोड़ा ने कहा कि आज लोकतंत्र के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय न केवल पंजाब, बल्कि पूरे देश का गौरव है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस ने विश्वविद्यालय के अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे छात्रों और उनके समर्थन में वहाँ पहुँचे किसानों पर जिस तरह बल प्रयोग किया, वह बेहद अमानवीय और निंदनीय है।

also read:- दिल्ली में लाल किले के पास धमाके पर CM मान ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग

अरोड़ा ने आरोप लगाया कि यह सब भाजपा नीत केंद्र सरकार के इशारे पर हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिस ने न केवल प्रदर्शनकारियों पर लाठियाँ बरसाईं, बल्कि पानी की बौछारें और आँसू गैस के गोले भी दागे, जिससे कई छात्र और पत्रकार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सच्चाई और जनता की आवाज़ को जनता तक पहुँचाने की कोशिश कर रहे पत्रकारों को निशाना बनाना भाजपा सरकार की हताशा को दर्शाता है।

आप अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार देश के प्रमुख संस्थानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है और जब भी लोग इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो उन्हें लाठियों से चुप करा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार, आम आदमी पार्टी और तीन करोड़ पंजाबी केंद्र सरकार के इस तानाशाही व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं और चेतावनी देते हैं कि पंजाबी ऐसी अत्याचारी कार्रवाइयों को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

For English News: http://newz24india.in

Related Articles

Back to top button