भाई दूज 2026: 11 नवंबर को मनाया जाएगा त्योहार, जानें शुभ मुहूर्त, पूजा सामग्री और तिलक लगाने की विधि
भाई दूज 2026 का त्योहार 11 नवंबर को मनाया जाएगा। जानें तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त, पूजा सामग्री, द्वितीया तिथि और भाई दूज की पूजा विधि।
भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्रेम और अटूट रिश्ते का प्रतीक माना जाता है। दिवाली के दो दिन बाद मनाया जाने वाला यह पर्व कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को आता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। वहीं भाई अपनी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और खुशियों का संकल्प लेते हैं।
साल 2026 में भाई दूज 11 नवंबर को मनाया जाएगा। अगर आप भी इस पर्व की तैयारी कर रहे हैं, तो यहां जानिए भाई दूज की सही तारीख, शुभ मुहूर्त, पूजा सामग्री और तिलक लगाने की पूरी विधि।
भाई दूज 2026 कब है? जानें सही तारीख
हिंदू पंचांग के अनुसार, भाई दूज का त्योहार कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। साल 2026 में द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2:00 बजे शुरू होगी और 11 नवंबर को दोपहर 3:53 बजे समाप्त होगी।
उदयातिथि और पूजा के निर्धारित मुहूर्त को ध्यान में रखते हुए इस साल भाई दूज का पर्व 11 नवंबर, बुधवार को मनाया जाएगा।
भाई दूज 2026 तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
भाई दूज के दिन भाई को तिलक लगाने का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से तिलक करने और आरती उतारने से भाई के जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
– भाई दूज की तारीख: 11 नवंबर 2026, बुधवार
– तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त: दोपहर 01:10 बजे से 03:20 बजे तक
– द्वितीया तिथि प्रारंभ: 10 नवंबर 2026, दोपहर 02:00 बजे
– द्वितीया तिथि समाप्त: 11 नवंबर 2026, दोपहर 03:53 बजे
भाई दूज पूजा के लिए जरूरी सामग्री
भाई दूज की पूजा करने के लिए पहले से ही सभी जरूरी सामग्रियां एकत्रित कर लेनी चाहिए, ताकि पूजा के समय किसी चीज की कमी न हो। पूजा की थाली में इन चीजों को शामिल करें:
– पूजा की थाली
– दीपक और देसी घी
– हल्दी और कुमकुम
– अक्षत यानी साबुत चावल
– कलावा या मौली
– फल और फूल
– मिठाई
– जल
– सूखा गोला (नारियल)
इन सामग्रियों से बहनें भाई दूज की पूजा और तिलक की रस्म पूरी कर सकती हैं।
also read:- दिवाली लक्ष्मी पूजा: दिवाली की रात लक्ष्मी पूजा में जरूर…
भाई दूज 2026 पूजा विधि: ऐसे करें भाई का तिलक
भाई दूज 2026 के दिन बहनें नीचे बताई गई विधि से पूजा और तिलक की रस्म पूरी कर सकती हैं।
1. सुबह स्नान करें: भाई दूज के दिन सुबह जल्दी उठें। तेल-उबटन लगाने के बाद स्नान करें और साफ-सुथरे कपड़े पहनें।
2. भगवान की पूजा करें: स्नान के बाद घर के मंदिर में सभी देवी-देवताओं की विधि-विधान से पूजा करें।
3. पूजा की थाली सजाएं: एक थाली में हल्दी, कुमकुम, अक्षत, दीपक, कलावा और मिठाई रखें। अपनी परंपरा के अनुसार सूखा गोला और फल भी शामिल कर सकती हैं।
4. भाई को चौकी पर बैठाएं: पूजा के समय भाई को एक साफ चौकी पर बैठाएं। भाई अपने सिर को साफ कपड़े या रुमाल से ढक सकते हैं।
5. तिलक लगाएं: शुभ मुहूर्त में भाई के माथे पर हल्दी, कुमकुम और अक्षत से तिलक लगाएं।
6. कलावा बांधें: तिलक के बाद भाई की कलाई पर कलावा बांधें। यदि आपके परिवार में सूखा गोला देने की परंपरा है, तो भाई को गोला भेंट करें।
7. आरती उतारें: इसके बाद दीपक से भाई की आरती करें और उनके अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करें।
8. मिठाई खिलाएं: पूजा पूरी होने के बाद भाई का मुंह मीठा कराएं और उन्हें मिठाई खिलाएं।
9. उपहार और भोजन: भाई अपनी बहन को उपहार दें। इसके बाद दोनों भाई-बहन साथ बैठकर भोजन करें।
शादीशुदा बहनें कैसे मनाएं भाई दूज?
परंपरा के अनुसार, यदि बहन शादीशुदा है तो भाई अपनी बहन के घर जाकर भाई दूज का त्योहार मना सकते हैं। इस दिन बहन अपने भाई का स्वागत करती है, तिलक लगाती है और आरती उतारकर उसकी खुशहाली की कामना करती है।
भाई दूज 2026 का पर्व भाई-बहन को अपने रिश्ते को और मजबूत बनाने का अवसर देता है। इस दिन पूजा-पाठ के साथ परिवार के लोग एक-दूसरे के साथ समय बिताते हैं और प्रेम, विश्वास तथा अपनापन का उत्सव मनाते हैं।
For English News : http://newz24india.in



