भारत

BJP New National President: नितिन नवीन बने भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष, निर्विरोध हुआ चुनाव

भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नवीन। 37 नामांकन पत्रों के साथ निर्विरोध चुने गए। जानिए उनका राजनीतिक सफर और बड़ी जिम्मेदारी।

भारतीय जनता पार्टी को नया नेतृत्व मिल गया है। बिहार के वरिष्ठ नेता और पांच बार के विधायक नितिन नवीन को सोमवार को निर्विरोध भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। वह इस पद को संभालने वाले अब तक के सबसे युवा नेता बन गए हैं। मंगलवार को औपचारिक रूप से उनके नाम की घोषणा की जाएगी। वह लंबे समय से इस पद पर कार्यरत जेपी नड्डा का स्थान लेंगे।

नितिन नवीन पार्टी अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे। उनके समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के कई दिग्गज नेताओं ने नामांकन दाखिल किया। इससे पहले ही यह साफ हो गया था कि चुनाव निर्विरोध होगा।

37 सेट नामांकन पत्र, सभी पाए गए वैध

भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नितिन नवीन के समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच के बाद सभी नामांकन सही और वैध पाए गए। इनमें से 36 नामांकन राज्य इकाइयों द्वारा और एक नामांकन भाजपा संसदीय दल की ओर से प्रस्तुत किया गया।

नामांकन प्रस्तावकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे।

also read:- दिल्ली सरकार ने बदले नियम, 1.20 लाख सालाना आय वालों को भी…

30 राज्यों में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू हुआ राष्ट्रीय चुनाव

पार्टी चुनाव अधिकारी ने बताया कि भाजपा के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले कम से कम 50 प्रतिशत राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरे होने जरूरी होते हैं। इस बार 36 में से 30 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा हो चुका था, जिसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष की प्रक्रिया शुरू की गई।

नितिन नवीन का राजनीतिक सफर

नितिन नवीन का जन्म वर्ष 1980 में हुआ था, उसी वर्ष भारतीय जनता पार्टी की स्थापना भी हुई थी। उन्होंने वर्ष 2006 में अपने पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के निधन के बाद सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया। उनके पिता भी भाजपा के विधायक रहे थे।

नितिन नवीन बिहार सरकार में कानून एवं न्याय मंत्री, शहरी विकास एवं आवास मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। हाल ही में उन्हें भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था, जिसके बाद उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें तेज हो गई थीं।

युवाओं और संगठन को मिलेगा नया नेतृत्व

पार्टी सूत्रों का मानना है कि नितिन नवीन की नियुक्ति से संगठन में युवाओं को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी चुनावों की रणनीति को नई दिशा मिलेगी। उनके अनुभव और संगठनात्मक पकड़ को देखते हुए भाजपा आने वाले समय में बड़े राजनीतिक फैसले ले सकती है।

For English News: http://newz24india.in

Related Articles

Back to top button