अमृतसर बस हादसे के पीड़ितों से मिले मुख्यमंत्री भगवंत मान, शोक संतप्त परिवारों के प्रति जताई संवेदना; घायलों के मुफ्त इलाज के दिए निर्देश
अमृतसर, 15 नवंबर 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को अमृतसर में तीर्थयात्रियों को ले जा रही बसों के साथ हुए दर्दनाक सड़क हादसे के पीड़ितों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने सभी घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज पूरी तरह मुफ्त कराने के निर्देश दिए।
यह हादसा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बसों के साथ नौशहरा पन्नुआं के पास हुआ था। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज उन्होंने अमृतसर के एक अस्पताल में बस हादसे में घायल श्रद्धालुओं का हालचाल जाना। भगवान की कृपा से अधिकांश घायल खतरे से बाहर हैं और जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटने की उम्मीद है।
उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इसके अलावा घायलों का पूरा इलाज भी सरकार की ओर से मुफ्त कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पंजाब सरकार अपने लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
हादसे में 11 लोग घायल, पांच की मौत
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि इस दुर्घटना में 11 लोग घायल हुए हैं, जबकि चार श्रद्धालुओं और एक मोटरसाइकिल सवार की दुखद मृत्यु हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बेहद दर्दनाक घटना है। वह इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवारों के दुख में शामिल हैं और पंजाब सरकार हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि मृतकों के प्रत्येक परिवार को 5 लाख रुपये तथा घायलों को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही सभी घायलों का इलाज पूरी तरह मुफ्त होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिविल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और उनके परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान हो।
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से 7 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को मिला लाभ
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना के माध्यम से अब तक 7 लाख से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के तहत 17 हजार से अधिक यात्राएं सफलतापूर्वक पूरी की गई हैं।
उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं को अमृतसर, खाटू श्याम और मथुरा सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत प्रतिदिन 70 से अधिक बसें संचालित होती हैं और रोजाना 3,000 से अधिक श्रद्धालु धार्मिक यात्राओं का लाभ उठाते हैं। अब तक हजारों यात्राएं सफलतापूर्वक पूरी हुई हैं और इससे पहले ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने नहीं आई थी।
विपक्ष हादसे पर राजनीति न करे: भगवंत मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विपक्षी दलों से इस दुखद हादसे पर राजनीति नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण होती हैं और इन्हें राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है, लेकिन इसे राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है। इस हादसे के लिए सरकार पर दोषारोपण करने के बजाय पीड़ितों की मदद और उनके परिवारों के साथ खड़े होने की जरूरत है। पंजाब सरकार प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
सड़क सुरक्षा फोर्स ने पंजाब में बचाई हजारों कीमती जानें
मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार की सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा फोर्स ने राज्य में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और दुर्घटना के बाद तत्काल सहायता पहुंचाकर लोगों की कीमती जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पंजाब सरकार इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव आर्थिक, चिकित्सा एवं प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।



