राज्यहरियाणा

मुख्यमंत्री नायब सैनी पंचकूला में नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में हुए शामिल

हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जताया कृतसंकल्प, नशा मुक्त भारत अभियान में जनता की भागीदारी आवश्यक

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार के दृढ़ संकल्प को दोहराया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन है जिसमें युवाओं, महिलाओं, बच्चों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, संत-महात्माओं और सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी पंचकूला में नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 15 अगस्त 2020 को भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य देश को स्वस्थ, समृद्ध और नशा मुक्त बनाना है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भी हरियाणा को नशा मुक्त करने का संकल्प लिया है। इसके तहत हाल ही में साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें लाखों युवाओं ने भाग लेकर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान संत-महात्माओं और खाप पंचायतों के सहयोग से भी सफल हो रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति और सामरिक शक्ति की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है और हरियाणा भी इस विकास यात्रा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

नशे की समस्या से लड़ने के लिए सरकार ने पंचकूला में 7 राज्यों के साथ एक अंतरराज्यीय सचिवालय- मुख्यमंत्री नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि नशे की समस्या से लड़ने के लिए सरकार ने पंचकूला में 7 राज्यों के साथ एक अंतरराज्यीय सचिवालय भी स्थापित किया है, जो नशे पर रोकथाम के लिए सूचना और समन्वय साझा करता है। इसके बावजूद समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए केवल कानून नहीं, बल्कि व्यापक जन-जागरण और युवाओं की भागीदारी जरूरी है।

also read:- मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा सरकार के विदेश सहयोग…

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अभिभावकों को भी जिम्मेदारी देते हुए कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को समय दें और उन्हें सही मार्गदर्शन करें ताकि वे नशे की लत में न फंसे। नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उपस्थितजनों से नशा न करने और दूसरों का भी नशा छुड़वाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अगर युवा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेंगे, तो भारत विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनने से कोई रोक नहीं सकता।

इस अवसर पर संत समाज ने भी हरियाणा सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज ही राष्ट्र की प्रगति सुनिश्चित कर सकता है। संतों ने सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं से इस जन आंदोलन में सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, पूर्व विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता, गांव के सरपंच एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

For More English News: http://newz24india.in

Related Articles

Back to top button