राज्यहरियाणा

CM Nayab Saini: हरियाणा की जनता को धोखा देने का प्रयास कर रही है कांग्रेस

CM Nayab Saini ने कांग्रेस पर बोला हमला

CM Nayab Saini: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने विपक्षी दल कांग्रेस पर एक बार फिर से हमला बोला है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करती है। कांग्रेस नेता राज्य भर में घूम-घूम कर हिसाब मांग रहे हैं, जबकि कांग्रेस (Congress) केंद्र और राज्य दोनों में वर्षों तक सरकार रही लेकिन एससी-बीसी समुदाय का शोषण और हनन होता था।

सीएम नायब सिंह सैनी ने आर्यनगर में महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में लोगों को संबोधित किया। इस दौरान सीएम सैनी ने कहा कि हम गरीबों को अब शोषण नहीं होने देंगे और उन्हें मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। CM ने उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब के बेटे को राज्य का प्रधानमंत्री बनाया है। कांग्रेसियों को बताओ कि क्या वे पिछड़े वर्ग को इतना सम्मान देंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार (Congress Government) के समय में युवाओं को पर्ची-खर्ची के साथ नौकरी मिलती थी, लेकिन हमारी सरकार अब बिना पर्ची-बिना खर्ची के मैरिट के आधार पर नौकरी दे रही है। आज गरीब के घर के बच्चे भी हरियाणा में अधिकारी लग रहे हैं, जिन्होंने पहले कभी सोचा भी नहीं था। सीएम सैनी ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि सभी वर्गों का उत्थान, बराबर का हक प्राप्त हो। सरकार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन के अनुरूप विकास के लाभ को उन लोगों तक पहुंचाने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं, जो कुछ कारणों से अभी तक पीछे रह गए थे। पिछड़ा वर्ग का उत्थान करने के लिए सरकार ने कई योजनाएं बनाई हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने इस दौरान कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को समय-समय पर नहीं याद करता, वह समाज उन्नति नहीं कर पाता। उन्होंने महाराजा दक्ष को याद करते हुए कहा कि महाराज दक्ष ब्रह्माजी के दस पुत्रों में से एक थे। वे कला में माहिर थे और समाज के अग्रदूत और गौरवशाली थे। हरियाणा सरकार ने समाज में जागृति लाने के लिए महापुरुषों को याद करने के लिए सरकारी स्तर पर उनकी जयंती को मनाने शुरू किया है।

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा ने महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती को सरकारी स्तर पर मनाने का निर्णय लेने के लिए सीएम सैनी को धन्यवाद देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार दोनों ने पिछड़ों के लिए बहुत कुछ कर रहे हैं। उनका कहना था कि हरियाणा प्रदेश सरकार ने गुरु दक्ष जयंती को पहली बार मनाया है।

आपको बता दें कि हांसी विधायक विनोद भयाना, बरवाला विधायक जोगीराम सिहाग, पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री कर्णदेव कंबोज, पूर्व मंत्री प्रो. छत्रपाल सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, पूर्व विधायक वेद नारंग, जिला अध्यक्ष आशा खेदड़, माटी कला बोर्ड के चेयरमैन ईश्वर मालवाल और जिला परिषद के अध्यक्ष सोनू डाटा सहित बड़ी संख्या में प्रजापति समाज के लोग शामिल थे।

Related Articles

Back to top button