हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि 100-100 गज के प्लॉट के नाम पर षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने प्रजापति समाज के 18,870 लोगों को प्रमाण पत्र वितरित किए और तिरंगा यात्रा निकाली।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक बार फिर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने प्रजापति समाज और अन्य कमजोर वर्गों के साथ छल किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में 100-100 गज के प्लॉट देने का दावा किया, लेकिन इसके पीछे एक गहरा षड्यंत्र छिपा था।
मुख्यमंत्री नायब सैनी पिपली अनाजमंडी में आयोजित प्रजापति समाज प्रमाण पत्र वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, “प्रजापति समाज का इतिहास हुनर, मेहनत और संस्कृति से जुड़ा रहा है। यह समाज सदियों से मिट्टी को जीवन देता आया है, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने इनके इस हुनर को दबाने का कार्य किया।”
18,870 लाभार्थियों को मिले प्रमाण पत्र
इस भव्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल और यमुनानगर जिलों के 44 लाभार्थियों को स्वयं प्रमाण पत्र वितरित किए। कुल मिलाकर 18,870 लोगों को भूमि उपयोग अधिकार से संबंधित प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इनमें यमुनानगर के 87, करनाल के 112, कैथल के 60 और कुरुक्षेत्र के 83 गांवों के निवासी शामिल रहे।
also read:- स्वतंत्रता दिवस 2025: 15 अगस्त को हरियाणा में तिरंगा…
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने की देशभक्ति अपील: तिरंगा यात्रा और पर्यावरण सरंक्षण
समारोह के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पिपली के गीता द्वार से सेक्टर-2 तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। सैंकड़ों की संख्या में लोग इस यात्रा में शामिल हुए, जिससे माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने समारोह में उपस्थित लोगों से पर्यावरण संरक्षण का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा, “हर व्यक्ति अपने जीवन के खास पलों जैसे जन्मदिन, शादी की सालगिरह आदि पर एक पेड़ अवश्य लगाए और उसका संरक्षण भी करें। यह प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक उपहार होगा।”
प्रजापति समाज के लिए नई योजनाओं की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार प्रजापति कुम्हार समाज की कला और संस्कृति को संवारने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। “नई पीढ़ी को इस पारंपरिक हुनर से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है ताकि वे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अपना अमूल्य योगदान दे सकें,” उन्होंने कहा।
For More English News: http://newz24india.in



