हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने टोहाना में जलभराव की गंभीर स्थिति का जायजा लिया और बलियाला व चांदपुर हैड का निरीक्षण किया। हरियाणा सरकार राहत कार्यों में सक्रिय, पंजाब को भेजी राहत सामग्री।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज टोहाना में जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने पहले बलियाला हैड का दौरा किया और इसके बाद चांदपुर हैड का निरीक्षण करने के लिए रवाना हो गए। ये दोनों क्षेत्र बाढ़ की संभावित ज़ोन में आते हैं, जहां राहत और सुरक्षा कार्यों को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
जलभराव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भारी बारिश के कारण आई प्राकृतिक आपदा के सामने कोई भी असहाय है। उन्होंने बताया कि पंजाब की हालात गंभीर हैं और हरियाणा सरकार पंजाब की मदद के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक हरियाणा से 80 से अधिक राहत सामग्री के ट्रक पंजाब भेजे जा चुके हैं, जिनमें से आज 15 और ट्रक रवाना किए गए हैं।
also read: हिमाचल प्रदेश आपदा में हरियाणा भाजपा का बड़ा सहयोग, चंबा के लिए राहत सामग्री 7 सितंबर को रवाना
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि किसानों के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल शुरू किया गया है, जिसमें अब तक लगभग 1,70,000 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। इसके अलावा, जिन लोगों के मकान और दुकानें जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनकी भी सरकार मदद करेगी। इससे पहले भी प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि जारी की गई है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि उनके मंत्री, विधायक और अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और रोजाना राहत कार्यों की रिपोर्ट ली जा रही है। सरकार पूरी तत्परता के साथ आम जनता के साथ खड़ी है और आवश्यक कदम उठा रही है ताकि जलभराव से प्रभावित लोगों को तुरंत राहत मिल सके।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



