सीएम योगी बोले- यूपी में ट्रॉफी का आना प्रदेश के स्वर्णिम इतिहास को याद कराने वाला क्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की ट्रॉफी का लखनऊ में स्वागत किया। सीएम ने कहा कि यूपी में ट्रॉफी का आगमन प्रदेश के स्वर्णिम हॉकी इतिहास को याद कराने वाला क्षण है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की ट्रॉफी का उत्तर प्रदेश में आगमन प्रदेश के स्वर्णिम खेल इतिहास को याद कराने वाला क्षण है। हॉकी इंडिया में उत्तर प्रदेश का योगदान हमेशा से अविस्मरणीय रहा है।
बुधवार को अपने कालीदास मार्ग स्थित आवास पर मुख्यमंत्री योगी ने जूनियर हॉकी विश्व कप की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि “लखनऊ में इस ट्रॉफी का स्वागत करना मेरे और प्रदेशवासियों के लिए गर्व और आनंद का क्षण है।”
यूपी का गौरवशाली हॉकी इतिहास
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती हॉकी के दिग्गज खिलाड़ियों की जन्मभूमि रही है।
उन्होंने विशेष रूप से मेजर ध्यानचंद का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने तीन ओलंपिक गोल्ड मेडल जीते थे। राज्य सरकार मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण करा रही है, जिसका पहला सत्र इस वर्ष से शुरू हो चुका है।
सीएम ने कहा कि “हॉकी खिलाड़ी केडी सिंह बाबू भी उत्तर प्रदेश की शान रहे हैं। उनकी स्मृति को जीवंत रखने के लिए बाराबंकी स्थित उनके निवास को म्यूजियम के रूप में विकसित किया जा रहा है।”
मौजूदा खिलाड़ियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज भी उत्तर प्रदेश के कई खिलाड़ी भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा — “राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति और पूर्णिमा जैसे खिलाड़ी भारतीय सीनियर और जूनियर हॉकी टीमों में शामिल होकर प्रदेश और देश को गौरवान्वित कर रहे हैं।”
ALSO READ:- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दिल्ली दौरा:…
सीएम योगी ने जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप से जुड़े पदाधिकारियों का लखनऊ आगमन पर स्वागत करते हुए टूर्नामेंट के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं और भारतीय खिलाड़ियों की सफलता की मंगलकामना की।
28 नवंबर से होगा टूर्नामेंट
एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 का आयोजन 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में किया जाएगा।
इसमें भारत, चीन, बेल्जियम, जापान, स्पेन, न्यूजीलैंड, चिली, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया समेत 24 टीमें हिस्सा लेंगी।
भारत, जिसने 2001 और 2016 में यह खिताब जीता था, इस बार भी घरेलू धरती पर तीसरी बार विश्व कप जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा।
कार्यक्रम में शामिल रहे प्रमुख अतिथि
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, सचिव सुहास एलवाई, निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह, हॉकी इंडिया महासचिव भोलानाथ सिंह, डीजी हॉकी इंडिया कमांडर आर.के. श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश हॉकी महासचिव रजनीश कुमार मिश्रा, और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय उपस्थित रहे।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



