राज्यदिल्ली

दिल्ली में सड़कें होंगी आधुनिक, CM रेखा गुप्ता ने मंजूर की 802 करोड़ की परियोजना

दिल्ली की 400 किमी सड़कों का पुनर्विकास, CM रेखा गुप्ता ने 802 करोड़ की सड़क सुधार परियोजना को मंजूरी दी, वॉल-टू-वॉल कारपेटिंग से सड़कें होंगी टिकाऊ।

दिल्ली सरकार ने राजधानी की सड़कों को गड्ढामुक्त और टिकाऊ बनाने के लिए एक बड़े और व्यापक सड़क सुधार अभियान को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस परियोजना को हरी झंडी दी है, जिसमें 45 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों की लगभग 400 किलोमीटर लंबी प्रमुख सड़कें सुधारी जाएंगी। इस कार्य को लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा चरणबद्ध तरीके से संपन्न किया जाएगा।

‘वॉल-टू-वॉल कारपेटिंग’ से सड़क निर्माण

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि अब तक सड़कों की मरम्मत केवल बीच के हिस्से या गड्ढों वाले हिस्से तक सीमित रहती थी। नई प्रणाली में पूरी सड़क को ‘वॉल-टू-वॉल कारपेटिंग’ तकनीक से तैयार किया जाएगा, जिससे सड़क की मजबूती और आयु दोनों बढ़ेंगी। इससे धूल और वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी, क्योंकि टूटी-फूटी सड़कें वाहन चलने पर मिट्टी और कण हवा में उड़ाती हैं।

परियोजना का बजट और केंद्र सरकार का सहयोग

इस सड़क सुधार योजना की कुल लागत 802.18 करोड़ रुपये है। इसमें से 643.36 करोड़ रुपये केंद्र सरकार के सेंट्रल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (CRIF) से उपलब्ध होंगे, जबकि 158.82 करोड़ रुपये दिल्ली सरकार प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र और राज्य के सहयोग से राजधानी के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिल रही है।

also read:- दिल्ली सरकार ने एमसीडी की मदद के लिए मंजूर किए 3500 करोड़…

तकनीकी मानकों के अनुसार निर्माण

सड़कों के पुनर्विकास में सड़क की बेस लेयर की जांच, सुदृढ़ीकरण, जल निकासी की व्यवस्था और अंतिम कारपेटिंग सभी तकनीकी मानकों के अनुसार की जाएगी। इससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या कम होगी और सड़कें लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगी।

प्रमुख सड़कें जिन्हें सुधारा जाएगा

परियोजना में कुल 241 से अधिक प्रमुख सड़कें शामिल हैं, जिनमें मालवीय नगर की अगस्त क्रांति मार्ग, आउटर रिंग रोड, राव तुला राम मार्ग, कापससहेड़ा बिजवासन रोड, नजफगढ़-झाड़ौदा रोड, कालकाजी का कैप्टन गौड़ मार्ग, ग्रेटर कैलाश का लाला लाजपत राय मार्ग, रोहिणी का डॉ. के एन काटजू मार्ग, चांदनी चौक का शामनाथ मार्ग, करोल बाग की डीबी गुप्ता रोड, शाहदरा का ईएसआई अस्पताल रोड और कई अन्य प्रमुख सड़कें शामिल हैं।

सड़क सुधार से मिलने वाले लाभ

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मजबूत और टिकाऊ सड़कें राजधानी के विकास की रीढ़ हैं। बेहतर सड़कें न केवल यातायात सुगम बनाएंगी, बल्कि दुर्घटनाओं को भी कम करेंगी और लोगों का समय बचेगा। दिल्ली की समग्र छवि और शहरी ढांचा भी सुदृढ़ होगा।

यह सड़क सुधार परियोजना राजधानी को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

For English News: http://newz24india.in

Related Articles

Back to top button