हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जापान दौरे पर टोक्यो और ओसाका में निवेशक बैठकों में शामिल हुए।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तीन दिवसीय जापान दौरे पर पहुंच चुके हैं। यह दौरा राज्य में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने, औद्योगिक साझेदारियों को प्रोत्साहित करने और हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2026 के लिए आमंत्रण देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 6 से 8 अक्टूबर तक टोक्यो और ओसाका में विभिन्न उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे जापान की प्रमुख कंपनियों और सरकारी अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा करेंगे।
पहला दिन (6 अक्टूबर): टोक्यो में व्यस्त राजनयिक कार्यक्रम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दौरे की शुरुआत टोक्यो में जापान के विदेश राज्य मंत्री मियाजी ताकुमा और उद्योग राज्य मंत्री कोगा यूइचिरो से मुलाकात के साथ की। उन्होंने भारत-जापान के बीच आर्थिक और तकनीकी सहयोग को और सशक्त बनाने पर जोर दिया।
इस दौरान उन्होंने हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2026 के लिए जापानी निवेशकों को आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और JETRO, DENSO, Sumitomo, Nissin Foods और Toppan जैसी विश्वविख्यात कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
दूसरा दिन (7 अक्टूबर): ओसाका में हरियाणा स्टेट जोन का उद्घाटन
सीएम सैनी शिंकानसेन (बुलेट ट्रेन) के माध्यम से ओसाका पहुंचे। यहां उन्होंने World Expo 2025 में हरियाणा स्टेट जोन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने जापानी मेयरों, उद्योगपतियों और संभावित निवेशकों से चर्चा की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक विशेष इंवेस्टमेंट रोड शो में हरियाणा में मौजूद औद्योगिक अवसरों, बुनियादी ढांचे और निवेश अनुकूल नीतियों को विस्तार से प्रस्तुत किया।
तीसरा दिन (8 अक्टूबर): उद्योगिक संयंत्रों का दौरा और राज्यस्तरीय भेंट
अंतिम दिन सीएम सैनी ने जापान की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी सुजुकी और कृषि उपकरण निर्माता कुबोटा के औद्योगिक संयंत्रों का दौरा किया। साथ ही ओसाका प्रिफेक्चर के गवर्नर से मुलाकात कर राज्य स्तर पर औद्योगिक सहयोग के संभावनाओं पर चर्चा की।
सीएम सैनी ने कहा, “यह दौरा हरियाणा को वैश्विक निवेश मानचित्र पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। जापान के साथ औद्योगिक साझेदारी राज्य के युवाओं को रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करेगी।”
दौरे के बाद पीएम मोदी के साथ होगी अहम बैठक
9 अक्टूबर को सीएम सैनी भारत लौटेंगे। दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में सुबह 11 बजे वे कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे और दोपहर 1 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक में भाग लेंगे। ये बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 अक्टूबर को सोनीपत में प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के मद्देनज़र की जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर आयोजित भव्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे और कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियां
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सरकार ने संकल्प पत्र के 42 वादों को पूरा कर लिया है और 90 अन्य बिंदुओं पर कार्य जारी है। राज्य की 19 लाख बहनों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिल रहे हैं और अब तक 25 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्त किया जा चुका है।
For More English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x
