राज्यहरियाणा

हरियाणा में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे शुभारंभ

हरियाणा में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक से करेंगे शुभारंभ।

हरियाणा सरकार आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक राज्य में व्यापक स्तर पर ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ चलाने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य अभियान का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक में संयुक्त रूप से करेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन के मौके पर मध्य प्रदेश से राष्ट्रव्यापी इस अभियान की शुरुआत करेंगे।

इस अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। उन्होंने बताया कि रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर में विशेष स्वास्थ्य कियोस्क लगाए जाएंगे, जहां महिलाओं की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसमें उच्च रक्तचाप, कैंसर, एनीमिया और जीवनशैली से संबंधित बीमारियों की स्क्रीनिंग शामिल होगी। साथ ही एमडीयू ऑडिटोरियम में एक वरिष्ठ चिकित्सक को समग्र प्रभारी नियुक्त किया जाएगा और जिले में कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन से एक वरिष्ठ अधिकारी तैनात किया जाएगा।

also read: स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का LNJP अस्पताल में औचक…

स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेशभर में 122 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHCs) पर विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत चिकित्सा, त्वचा रोग एवं मनोचिकित्सा से संबंधित सेवाएं उपलब्ध होंगी। प्रत्येक शिविर में लगभग 300 मरीजों की जांच का लक्ष्य रखा गया है।

अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में 75,000 चश्मे निशुल्क वितरित किए जाएंगे। जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए 75 नए ओबेसिटी क्लिनिक खोले जाएंगे। साथ ही, 138 ब्लड बैंकों में 696 रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में व्यापक स्वास्थ्य जांच की जाएगी, जहां अभियान की पूरी अवधि में प्रतिदिन 50 से 100 मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी।

स्वास्थ्य संस्थानों में पौधारोपण अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके तहत 50,000 पौधे लगाए जाएंगे। स्वच्छता बढ़ाने के लिए भी व्यापक अभियान आयोजित किया जाएगा। इस स्वास्थ्य अभियान में महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुधार, पोषण जागरूकता बढ़ाने और निवारक देखभाल को प्रोत्साहित करने के लिए पोषण अभियान और विशेष टीकाकरण सप्ताह जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव टी.एल. सत्यप्रकाश, महानिदेशक मोनिका मलिक, स्वास्थ्य विभाग के सचिव रिपुदमन सिंह ढिल्लों और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

For English News: http://newz24india.in

Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x

Related Articles

Back to top button