राज्यहरियाणा

टेली-ईसीजी सेवा से हरियाणा में हृदय मरीजों को मिल रही नई जिंदगी, सवा महीने में 131 गंभीर मामलों की हुई पहचान

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया- ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर जांच और इलाज पहुंचाने में टेली-ईसीजी सेवा निभा रही अहम भूमिका

हरियाणा में टेली-ईसीजी सेवा से सवा महीने में 131 गंभीर हृदय मामलों की पहचान हुई। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इसे स्वास्थ्य क्रांति बताया।

हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में टेली-ईसीजी सेवा एक बड़ी उपलब्धि साबित हो रही है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के अनुसार, इस सुविधा के जरिए कम समय में हृदय संबंधी गंभीर मामलों की पहचान कर मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि टेली-ईसीजी सेवा शुरू होने के बाद मात्र सवा महीने की अवधि में 131 बेहद गंभीर हृदय रोग से जुड़े मामलों का पता लगाया गया। इन मरीजों की समय रहते जांच रिपोर्ट विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंचाई गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने कहा कि दिल से जुड़ी बीमारियों में समय पर जांच और उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। कई बार ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता नहीं होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। टेली-ईसीजी जैसी तकनीक इस दूरी को खत्म करने में मदद कर रही है और मरीजों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर सुविधा मिल रही है।

ALSO READ:- पीएम मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन

आरती सिंह राव ने कहा, “टेली-ईसीजी सेवा राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। आने वाले समय में यह तकनीक हरियाणा के ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य क्रांति लाने का काम करेगी।”

उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को ज्यादा सुलभ, तेज और प्रभावी बनाना है। टेली-ईसीजी सेवा के माध्यम से गांवों में बैठे मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह से जोड़ा जा रहा है, जिससे गंभीर बीमारियों की पहचान शुरुआती स्तर पर संभव हो रही है।

ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

टेली-ईसीजी सेवा खासतौर पर उन क्षेत्रों के लिए लाभकारी साबित हो रही है, जहां हृदय रोग विशेषज्ञों की पहुंच सीमित है। इस तकनीक के जरिए मरीज की ईसीजी रिपोर्ट तुरंत विशेषज्ञों तक भेजी जाती है और डॉक्टरों की सलाह के आधार पर आगे का इलाज तय किया जाता है।

हरियाणा सरकार का मानना है कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत किया जा सकेगा। टेली-ईसीजी सेवा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो आने वाले समय में हजारों हृदय मरीजों के लिए मददगार साबित हो सकती है।

For English Newshttp://newz24india.in

Related Articles

Back to top button