राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर संदेश

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दी है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हर वर्ष 8 मार्च को मनाया जाता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संदेश में कहा “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मैं सभी बहनों और बेटियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस नारी शक्ति की उपलब्धियों तथा देश और समाज में उनके अद्वितीय योगदान को सम्मानित करने का अवसर है। महिलाएं हमारे परिवार, समाज और राष्ट्र की आधारशिला हैं। महिलाओं ने विषम परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सफलतापूर्वक अपनी पहचान बनाई है।
महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए अभी बहुत कुछ करने की ज़रूरत है। आइए हम सब मिलकर एक ऐसा समाज बनाने का संकल्प लें जहाँ हर महिला सुरक्षित महसूस करे और उसे आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
मैं सभी सफल महिलाओं को बधाई देती हूं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।