बलतेज पन्नू ने सुखबीर बादल पर पलटवार किया, कहा 2007-2017 का अकाली दल का शासन पंजाब के लिए काला अध्याय, बेअदबी के मामलों में बादल परिवार जिम्मेदार।
आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के हालिया बयानों पर तीखा पलटवार किया। पन्नू ने कहा कि सुखबीर बादल बेअदबी मामलों को लेकर ‘आप’ सरकार को दोषी ठहरा कर अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि असली काला इतिहास उनके अपने शासनकाल से जुड़ा है।
बलतेज पन्नू ने कहा, “जब नकोदर और बहबल कलां में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी हुई, तब पंजाब में कौन सी सरकार थी? क्या तब आम आदमी पार्टी पंजाब में सत्ता में थी? जनता भूल नहीं सकती कि उस समय दोषियों को संरक्षण देने वाले कौन थे।”
पन्नू ने सुखबीर बादल पर पलटवार करते हुए आगे कहा कि जून 2015 में बुर्ज जवाहर सिंह वाला में गुरु ग्रंथ साहिब का पावन स्वरूप चोरी हुआ और अक्टूबर 2015 में बीड़ की बेअदबी हुई। इस दौरान पंजाब की सत्ता बादल परिवार के कब्जे में थी, न कि ‘आप’ के पास।
बलतेज पन्नू ने कोटकपूरा और बहबल कलां की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा, “कोटकपूरा के बत्तियां वाले चौक पर शांतिपूर्ण विरोध कर रही संगत पर पुलिस ने बेरहमी दिखाई। बहबल कलां में दो निर्दोष सिख शहीद हुए। जस्टिस रणजीत सिंह कमीशन और जस्टिस जोरा सिंह कमीशन की रिपोर्टें साफ दिखाती हैं कि इन घटनाओं के पीछे असली जिम्मेदार कौन थे।” उन्होंने याद दिलाया कि **सुखबीर बादल खुद कोटकपूरा मामले में जमानत पर बाहर हैं।”
बलतेज पन्नू ने साफ कहा कि 2007-2017 का अकाली दल का शासन पंजाब के इतिहास का काला अध्याय है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सिर्फ एक याद दिलाने का प्रयास है कि पंजाब को नशे, भ्रष्टाचार और बेअदबी के दौर में धकेलने के लिए अकाली दल जिम्मेदार है।
पन्नू ने कहा, “सुखबीर बादल अपनी जिम्मेदारियों से भागने के लिए ‘आप’ पर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन पंजाब की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। अब उन्हें अपनी याददाश्त सुधारने की जरूरत है, क्योंकि बेअदबी का काला इतिहास उनके ही नाम जुड़ा है।”
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



