राज्यपंजाब

पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ के कारण स्कूल-कॉलेजों की छुट्टियां बढ़ाईं, 7 सितंबर तक बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान

पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ के कारण सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और पॉलिटेक्निक 7 सितंबर 2025 तक बंद रहेंगे। 

पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ की गंभीर स्थिति के चलते सरकार ने सभी स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और पॉलिटेक्निक संस्थानों की छुट्टियां 7 सितंबर 2025 तक बढ़ा दी हैं। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बुधवार को इस बात की आधिकारिक घोषणा की।

मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार, बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पंजाब के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और निजी शिक्षण संस्थान 7 सितंबर तक बंद रहेंगे। उन्होंने जनता से स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने का आग्रह भी किया है।

पंजाब में पहले 27 से 30 अगस्त तक स्कूल बंद रखने का ऐलान किया गया था, जिसे बाद में 3 सितंबर तक बढ़ाया गया था। अब स्थिति को देखते हुए यह अवकाश 7 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है।

also read: पंजाब के मंत्री लालजीत भुल्लर ने तरनतारन के हरिके पट्टी…

पंजाब की नदियां उफान पर, बाढ़ का खतरा बना हुआ

पंजाब और हरियाणा में लगातार बारिश होने से बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण सतलुज, व्यास, रावी सहित कई नदियां उफान पर हैं, जिससे पंजाब बाढ़ की चपेट में है।

राज्य सरकार के बुलेटिन के अनुसार, 1 अगस्त से 2 सितंबर तक बाढ़ ने पंजाब में 30 लोगों की जान ले ली है और लगभग 3.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ, सेना, बीएसएफ, पंजाब पुलिस और जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।

बारिश के चलते यमुना समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथिनीकुंड बैराज के गेट खोलने पड़े। सोमवार सुबह करीब 3,29,313 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान का जनता से संदेश

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। हाल ही में उन्होंने फिरोजपुर के गांव गट्टी राजो का दौरा किया और प्रभावित लोगों से मुलाकात की।

सीएम ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान की पूरी भरपाई की जाएगी और भविष्य में इस तरह की आपदाओं से निपटने के लिए प्रभावी उपाय किए जाएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से भी प्राकृतिक आपदा के कारण हुए नुकसान के मुआवजे को बढ़ाने की मांग की है।

उन्होंने जनता से हिम्मत और साहस बनाए रखने की अपील की और कहा, “इस संकट की घड़ी में हमारी सरकार और प्रशासन पूरी तत्परता के साथ लोगों के साथ खड़े हैं। सुरक्षित निकालने की हर संभव कोशिश की जा रही है। बहुत जल्द हालात सामान्य होंगे।”

For English News: http://newz24india.in

Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x

Related Articles

Back to top button