राज्यहरियाणा

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने किया शुभारंभ, गुरुग्राम में 27वें हरियाणा खेल उत्सव का आगाज

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, 27वां हरियाणा राज्य खेल उत्सव एक संकल्पहर गांवहर शहरहर खेल मैदान से खेल प्रतिभाओं को खोज कर विश्व मंच तक पहुंचाएंगे

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की युवा ऊर्जा, हमारा खेल ढांचा और खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं, सब मिलकर आज एक नया इतिहास रच रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज दुनिया भारत को एक उभरती खेल शक्ति के रूप में देख रही है, जिसमें हरियाणा की निर्णायक भूमिका  है। मुख्यमंत्री आज रविवार की शाम गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के तत्वावधान में 27वें हरियाणा राज्य खेल उत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।

शुभारंभ कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष एवं सांसद श्रीमती पी.टी. ऊषा तथा हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष जसविंदर मीनू बेनीवाल, हरियाणा के पद्मश्री, अर्जुन अवॉर्डी तथा भीम अवार्डी खिलाड़ी मौजूद रहें।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्वलित कर हरियाणा राज्य खेल उत्सव का शुभारंभ करने उपरांत आयोजन में उपस्थित प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मिट्टी से मेडल तक थीम के साथ आयोजित हो रहा 27वां हरियाणा राज्य खेल उत्सव एक संकल्प है कि हम हर गांव, हर शहर, हर खेल मैदान से प्रतिभाओं को खोजेंगे, उन्हें तराशेंगे और उन्हें विश्व मंच तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा स्टेट गेम्स केवल प्रतियोगिता नहीं है, यह खिलाड़ियों के  कौशल, साहस और संकल्प की परीक्षा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्ष 2028, 2032 और 2036 के ओलंपिक खेलों में पदक लेने वाले खिलाड़ी आप में से ही होंगे।

also read:- हरियाणा दिवस पर बड़ी सौगात: पेपरलेस रजिस्ट्री की सुविधा से बन रहा देश का पहला राज्य

हरियाणा में 1 हजार 489 खेल नर्सरियां कार्यरत, प्रशिक्षण ले रहे 37 हजार 225 खिलाड़ी, पिछले 11 वर्षों में हरियाणा सरकार ने खिलाड़ियों को दिए 641 करोड़ रुपए के नगद पुरस्कार

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान में हरियाणा में 1 हजार 489 खेल नर्सरियां कार्यरत हैं। जिनमें 37 हजार 225 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। नर्सरियों में नामांकित 8 से 14 वर्ष की आयु के खिलाड़ियों को 1500 रुपये तथा 15 से 19 वर्ष की आयु के खिलाड़ियों को दो हजार रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं। वहीं खेल नर्सरी प्रशिक्षकों को 25 हजार रुपये तक मानदेय भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित रोजगार सुनिश्चित करने के लिए ‘हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021’ बनाये हैं। इसके तहत खेल विभाग में 550 नए पद बनाये गए  हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को सम्मान करते हुए पिछले 11 वर्षों में हरियाणा सरकार ने खिलाड़ियों को 641 करोड़ रुपए के नगद पुरस्कार दिए हैं। हरियाणा सरकार ने हरियाणा खेल उपकरण प्रावधान योजना बनाई है। इसके तहत 15 हजार 634 खिलाड़ियों को उपकरण प्रदान किए गए हैं।

For English News: http://newz24india.in

Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x

Related Articles

Back to top button