भारत में 20 साल बाद फिर होगा कॉमनवेल्थ गेम्स, अहमदाबाद बनेगा मेजबान शहर
भारत में 20 साल बाद एक बार फिर राष्ट्रमंडल खेल (Commonwealth Games) का आयोजन होने जा रहा है। भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने बुधवार, 13 अगस्त को भारत को 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए औपचारिक मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही अहमदाबाद शहर इस बड़े आयोजन की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2010 में दिल्ली ने राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की थी।
अहमदाबाद में होगा कॉमनवेल्थ गेम्स 2030
भारतीय ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव कल्याण चौबे ने स्पेशल जनरल मीटिंग में बताया कि भारत की मेजबानी सर्वसम्मति से स्वीकृत हो गई है। अब देश इस आयोजन की तैयारियों में जुट जाएगा। अहमदाबाद, गुजरात की राजधानी, 2030 में इस प्रतिष्ठित खेल महोत्सव की मेजबानी करेगा। कनाडा भी इस आयोजन के लिए आवेदन किया था, लेकिन भारत के अलावा अन्य किसी देश को मेजबानी नहीं मिली।
गेम्स में शामिल होंगे भारत के प्रमुख खेल
कार्यकारी परिषद के सदस्य रोहित राजपाल ने बताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 में उन खेलों को शामिल किया जाएगा, जिनमें भारत के मेडल जीतने की ज्यादा संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि 2026 में ग्लासगो में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में हॉकी, कुश्ती, बैडमिंटन और निशानेबाजी शामिल नहीं किए गए हैं, क्योंकि इन खेलों का आयोजन महंगा होता है।
राजपाल ने बताया कि खेलों को तीन श्रेणियों में बांटा जाएगा – हमेशा से आयोजित होने वाले खेल, मेजबान देश द्वारा चुने जाने वाले खेल, और पारंपरिक या स्वदेशी खेल। इससे भारत के लिए यह आयोजन और भी खास हो जाएगा।
2010 में दिल्ली में आयोजित हुए थे कॉमनवेल्थ गेम्स
भारत ने 2010 में पहली बार राजधानी दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की थी, जो देश के लिए गर्व का विषय था। अब दो दशकों बाद, भारत फिर से इस वैश्विक आयोजन का हिस्सा बनने जा रहा है। अहमदाबाद में होने वाले 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों से देश को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने की उम्मीद है।
For English News: http://newz24india.in



