राज्यहरियाणा

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने सुना प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम

सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की सफलता के लिए जनभागीदारी अति आवश्यक: कृष्ण कुमार बेदी

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश की तरक्की में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की सफलता के लिए जनभागीदारी अति आवश्यक है। जनता के सहयोग से जहां विकास को गति मिलती है, वहीं सरकारी योजनाओं का पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना भी सुनिश्चित होता है। कल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर लागू करने में जन सहयोग की अपनी भूमिका होती है। विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, पौधारोपण, नशा मुक्ति अभियान जैसे कार्यक्रमों के प्रति भी जन जागरण होना चाहिए। यह सभी वर्तमान समय के ज्वलंत विषय हैं और इनको जन साधारण के साथ मिलकर ही प्राप्त किया जा सकता है

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी जींद के दनौदा खुर्द में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुन रहे थे। मन की बात कार्यक्रम का यह 123वां संस्करण था, जिसे कैबिनेट मंत्री के साथ ग्रामीणों ने भी सुना।

इस मौके पर श्री कृष्ण कुमार बेदी ने गांव के विकास कार्यों के लिए 25 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायत को अन्य जरूरी विकास कार्यों का प्रस्ताव भेजने के लिए भी कहा ताकि उनके एस्टीमेट बनाए जा सकें और ग्रामीणों को विकास परियोजनाओं का लाभ पहुँचाया जा सके।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम देशभर में लोकप्रिय है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों से सीधा जुड़कर अत्यंत ज्वलंत विषयों पर चर्चा की जाती है। प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया साहस और साधना के समन्वय का संदेश अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस संदेश को देशवासी आत्मसात कर किसी भी प्रकार की आपदा एवं संकट की घड़ी से पार पा सकते हैं।

कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि वृक्षारोपण, गांव दर गांव तालाबों की सफाई, जन-जन तक योग का प्रचार, जल जीवन मिशन, ग्रामीण स्तर पर ज्ञान केंद्र व अटल सेवा केंद्रों की स्थापना जैसे जमीनी स्तर से जुडे़ अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर मौजूदा केंद्र व राज्य सरकार का मुख्य फोकस है। इनमें आम जन के जीवन स्तर में आमूलचूल व सकारात्मक परिवर्तन संभावी हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे स्वयं भी मन की बात कार्यक्रम को सुनें और इसके लिए अन्य लोगों को भी प्रेरित करें। इस कार्यक्रम को सुनने से आमजन में समरसता, एकाग्रता तथा सौहार्द के साथ जीवन जीने की प्रेरणा प्रबल होती है।

इस मौके पर कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे

Related Articles

Back to top button