हरियाणा सरकार ने देश के शहीद जवानों को सम्मान देने के लिए 75 सरकारी स्कूलों का नाम उनके नाम पर रखने का फैसला किया है। सेवा पखवाड़ा 2025 के तहत यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा।
देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद जवानों के सम्मान में हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। प्रदेश के 75 नए सरकारी स्कूलों के नाम देश के वीर बलिदानियों के नाम पर रखे जाएंगे। यह नामकरण हरियाणा में आगामी सेवा पखवाड़ा 2025 के तहत किया जाएगा, जो 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होगा।
शहीदों के सम्मान में स्कूलों का नामकरण
राज्य के शिक्षा विभाग (स्कूल) द्वारा यह फैसला लिया गया है कि जिन सरकारी स्कूलों का अभी तक नाम केवल गांवों के नाम पर है, उन्हें शहीद जवानों के नाम से पहचाना जाएगा। पहले से बलिदानियों के नाम वाले स्कूलों को इस सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। नाम चयन की प्रक्रिया जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के परामर्श से पूरी की जाएगी और 10 दिन के भीतर शासन को नामों की सूची सौंपनी होगी।
Also Read: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में ‘स्वच्छता…
मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने शनिवार को इस अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि स्कूलों का नामकरण सेवा पखवाड़ा आरंभ होने से पहले पूरा कर लिया जाए।
सेवा पखवाड़ा 2025: जन-भागीदारी से सेवा और स्वच्छता का संकल्प
यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से लेकर महात्मा गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक आयोजित होगा। इसका उद्देश्य प्रदेश में सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस सेवा पखवाड़ा के तहत प्रतिदिन किसी न किसी मुख्य कार्यक्रम में भाग लेंगे। वहीं सभी जिलों में राज्य सरकार के मंत्री प्रमुख आयोजनों का नेतृत्व करेंगे।
स्कूलों और कॉलेजों में रचनात्मक गतिविधियाँ
इस अभियान के दौरान राज्य भर के स्कूलों और कॉलेजों में विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जैसे: निबंध लेखन प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला और रंगोली, नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त अभियान पूर्व सैनिकों की भागीदारी से यह अभियान और भी प्रभावशाली और प्रेरणादायक बनने की उम्मीद है।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



