राज्यहरियाणा

पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने दिए गोबर गैस प्लांट लगाने के निर्देश, हरियाणा में गौशालाएं खर्च के मामले में बनेंगी आत्मनिर्भर

हरियाणा के पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने गौशालाओं में गोबर गैस प्लांट लगाने और दूध से उत्पाद बनाने के निर्देश दिए।

हरियाणा के पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने राज्य की सभी गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की सभी गौशालाओं में गोबर गैस प्लांट स्थापित किए जाएं। साथ ही, गोबर से पेंट बनाने और दूध से विभिन्न उत्पादों के निर्माण की संभावनाओं पर भी काम किया जाए।

आत्मनिर्भर गौशालाओं की ओर कदम

श्याम सिंह राणा ने कहा कि इन प्रयासों से गौशालाएं वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी और लोगों को बेहतर गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पाद भी मिल सकेंगे। वे मंगलवार को पशुपालन एवं डेयरी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

NDRI तकनीकों को अपनाने पर जोर- श्याम सिंह राणा

श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे करनाल स्थित नेशनल डेयरी रिसर्च इंस्टिट्यूट (NDRI) के वैज्ञानिकों से संपर्क कर उनकी आधुनिक तकनीकों को अपनाएं। इससे राज्य में पशुओं की नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन वृद्धि, और उन्नत पशुपालन तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा।

बजट घोषणाओं की समीक्षा

बैठक के दौरान पशुपालन एवं डेयरी मंत्री ने मार्च 2025 में बजट में की गई घोषणाओं की समीक्षा की। इसमें शामिल थीं:

  • महिलाओं को डेयरी खोलने के लिए ₹1 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण

  • लिंग आधारित वीर्य छंटाई के लिए नई प्रयोगशाला

  • गौ सेवा आयोग के तहत पंजीकृत गौशालाओं में शैड निर्माण

  • गौ अभ्यारण्य की स्थापना

  • पशु चिकित्सा संस्थाओं में दवाइयां और डाइग्नोस्टिक उपकरण उपलब्ध कराना

  • जर्जर पशु चिकित्सा भवनों की मरम्मत या पुनर्निर्माण

also read:- SYL मुद्दे पर एक बार फिर आमने-सामने होंगे पंजाब और…

भंडारण सुविधाओं पर भी फोकस

पशुपालन बैठक के बाद, मंत्री राणा ने हरियाणा राज्य भण्डारण निगम से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में 3 लाख मीट्रिक टन क्षमता के नए गोदाम जल्द बनाए जाएं। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि गोदामों के समीप फसल खरीद केंद्र भी स्थापित किए जाएं ताकि ढुलाई का खर्च कम हो और अनाज मंडियों में भीड़ भी घटे।

मंत्री ने हिसार एयरपोर्ट पर प्रस्तावित गोदाम और 1 लाख टन क्षमता के सायलो प्रोजेक्ट की प्रगति की भी समीक्षा की और तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

For More English News: http://newz24india.in

Related Articles

Back to top button