राज्यदिल्ली

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा, कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न, कई इलाकों में पानी घुसा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया।

यमुना नदी में लगातार जलस्तर बढ़ने से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई निचले इलाकों में पानी घुस आया है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। खासकर यमुना बाजार के आवासीय क्षेत्रों में पानी पहुंच चुका है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को प्रभावित इलाकों का दौरा किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर राहत कार्यों का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “सुबह यमुना का जलस्तर लगभग 206 मीटर छूने वाला था, इसलिए पानी यहीं तक पहुंचा है। यह चिंता की बात नहीं है कि इससे आगे बढ़ा है। हमने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। पानी तेजी से उतरने की संभावना है। इसके साथ ही हमने भोजन, पानी और मेडिकल सहायता की व्यवस्था कर दी है, साथ ही सोलर लाइट भी वितरित कर रहे हैं।”

यमुना नदी का जलस्तर दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर सुबह 8 बजे 205.79 मीटर दर्ज किया गया, जो निकासी स्तर 206 मीटर से थोड़ा कम है। सोमवार दोपहर यमुना का जलस्तर 205.55 मीटर तक पहुंच गया था, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर था।

Also Read: नई शिक्षा नीति के तहत दिल्ली में लागू हुआ नया स्कूल फीस…

केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों के अनुसार, वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने की वजह से यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे लगभग 38,361 क्यूसेक और वजीराबाद बैराज से 68,230 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

सीएम कार्यालय ने बताया कि मुख्यमंत्री और मंत्री प्रवेश वर्मा ने यमुना घाट, असीता घाट, यमुना छठ घाट, 12 नंबर रेगुलेटर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को बाढ़ प्रबंधन के लिए कड़े निर्देश दिए हैं।

दिल्ली में पुराना रेलवे पुल यमुना नदी के जलस्तर और संभावित बाढ़ के खतरे पर नजर रखने के लिए प्रमुख केंद्र है। यहां चेतावनी स्तर 204.50 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है। बैराज से छोड़ा गया पानी दिल्ली पहुंचने में लगभग 48 से 50 घंटे का समय लेता है।

For English News: http://newz24india.in

For WhatsApp Channel Link: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x

Related Articles

Back to top button