सीएम भगवंत मान ने पंजाब को ड्रोन गिराने वाला देश का पहला राज्य घोषित किया। ₹51.41 करोड़ की लागत से एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाया गया।
सीएम भगवंत मान ने पंजाब को भारत का पहला राज्य घोषित किया है, जिसके पास पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन को गिराने की अत्याधुनिक तकनीक मौजूद है। उन्होंने राज्य के तीन करोड़ नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि अब पंजाब दुश्मन देश की नापाक हरकतों को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। मुख्यमंत्री तरनतारन के पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे।
ड्रोन विरोधी तकनीक से होगी सरहद की सुरक्षा
सीएम भगवंत मान ने कहा कि पहले चरण में तीन एंटी-ड्रोन सिस्टम स्थापित किए गए हैं, और जल्द ही छह और सिस्टम पूरे पंजाब में तैनात किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य की 532 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पाकिस्तान से लगती है, जहां से ड्रोन के ज़रिए नशीले पदार्थ और हथियारों की तस्करी की जाती रही है। अब यह प्रयास पूरी तरह नाकाम होंगे।
सीएम भगवंत मान ने जानकारी दी कि एंटी ड्रोन सिस्टम पर कुल ₹51.41 करोड़ खर्च किए गए हैं। यह सिस्टम दुश्मन के ड्रोन को ट्रैक, जैम और मार गिराने में पूरी तरह सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम है।
नशे के खिलाफ स्कूलों में चलेगा अभियान
सीएम भगवंत मान ने घोषणा की कि नशे के खिलाफ जंग को अब शैक्षणिक संस्थानों तक ले जाया जाएगा। इसके तहत 3068 स्कूलों में कक्षा 9वीं और 12वीं के 8 लाख छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में पढ़ाया जाएगा। विज्ञान विशेषज्ञों और सामाजिक विशेषज्ञों की मदद से छात्रों को जागरूक किया जाएगा।
also read:- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने औद्योगिक क्षेत्र के लिए…
सीएम भगवंत मान ने बताया कि 2009 तक जहां पंजाब में नशे के शिकार युवाओं की संख्या लगभग 1,000 थी, वहीं 2015 तक यह आंकड़ा 20 लाख के पार चला गया। सीएम ने कहा कि यह आंकड़ा उस समय की सरकारों की विफलता को दर्शाता है।
अकाली सरकारों पर सीधा हमला
सीएम भगवंत मान ने पूर्ववर्ती अकाली दल सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उस समय के कई मंत्रियों की गाड़ियों का इस्तेमाल नशे की तस्करी के लिए किया जाता था। उन्होंने कहा कि उस समय सरकार युवाओं को बचाने के बजाय उन्हें नशे के दलदल में धकेल रही थी।
सीएम भगवंत मान ने पंजाब पुलिस और डीजीपी गौरव यादव की सराहना करते हुए कहा कि आज पुलिस के पास आधुनिक तकनीक की कोई कमी नहीं है, और वह पूरे जोश के साथ राज्य को नशा मुक्त करने में जुटी है।
केजरीवाल का भी आया समर्थन
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी नशे के खिलाफ अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस मुहिम को सभी वर्गों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। नशा तस्करों को जेल भेजा जा रहा है और उनके द्वारा कमाई गई संपत्तियों को फ्रीज कर लिया गया है।
केजरीवाल ने कहा कि जब्त की गई संपत्ति को नीलाम कर नए अस्पताल और स्कूल बनाए जाएंगे। साथ ही, नशे की लत से ग्रसित युवाओं का निशुल्क इलाज करवाया जाएगा और उन्हें स्किल डिवेलपमेंट प्रोग्राम से जोड़ा जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
For More English News: http://newz24india.in



