यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का CM Yogi Adityanath और जगदीप धनखड़ ने किया उद्घाटन, मौके पर जुटे देश कई दिग्गज 

देश का सबसे बड़ा राज्य उ0प्र0 मुख्यमंत्री के गतिशील शासन में फल-फूल रहा, CM Yogi Adityanath इस राज्य के लिए गेम चेंजर साबित हुए: उप राष्ट्रपति

CM Yogi Adityanath: भारत के उप राष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ जी ने कहा कि देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के गतिशील शासन में फल-फूल रहा है। मुख्यमंत्री जी इस राज्य के लिए गेम चेंजर साबित हुए हैं। इससे देश को काफी मदद मिल रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का किस प्रकार वर्णन किया जाए। वे मुख्यमंत्री जी के 24ग7 कार्य करने की विशेष शैली से अभिभूत हैं।
उप राष्ट्रपति जी आज ग्रेटर नोएडा, जनपद गौतमबुद्धनगर स्थित इण्डिया एक्सपो सेण्टर एण्ड मार्ट में यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो के द्वितीय संस्करण का मणिदीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ करने के उपरान्त इस अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पूर्व, उप राष्ट्रपति जी एवं मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न हॉल में लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया।

उप राष्ट्रपति जी ने यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो के आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निवेश के लिए कानून-व्यवस्था से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। कानून-व्यवस्था लोकतंत्र को परिभाषित करती है और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी कानून-व्यवस्था को परिभाषित करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करने पर ऐसा लगा कि वह दुनिया के सबसे विकसित देश में हैं। यह आयोजन प्रदेश के कारीगरों, शिल्पकारों तथा दुनियाभर के बायर्स को एक मंच पर लाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विचारशील, दूरदर्शी और व्यावहारिक सोच के लिए मुख्यमंत्री जी को बधाई दी।

उप राष्ट्रपति जी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो के द्वितीय संस्करण में दक्षिण एशिया में प्रभावशाली जी0डी0पी0 वाला देश वियतनाम भागीदार देश के रूप में शामिल हुआ है। वियतनाम को इस बात के लिए आश्वस्त होना चाहिए कि वह सही जगह पर है, क्योंकि वे यहां सर्वश्रेष्ठ लोगों से जुड़ सकते हैं। हम यहां भारत और उत्तर प्रदेश के साथ-साथ वियतनाम की समृद्ध संस्कृति का भी अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। दोनों देशों के बीच अद्भुत समानता है। उत्तर प्रदेश और देश भर के आगंतुक अपने अनूठे स्वाद के लिए प्रसिद्ध वियतनामी व्यंजनों का लुत्फ यहां उठा सकते हैं। यह हमारे द्विपक्षीय सम्बन्धों को और बढ़ाने के लिए फायदेमन्द होंगे।

उप राष्ट्रपति जी ने कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का दूरदर्शी नेतृत्व है कि उन्होंने ग्लोबल साउथ की आवाज को बुलन्द किया है। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और यहां आने वाला हर कोई अपने साथ खुशी के पल की अनुभूति लेकर जाएगा। पूरे देश को इस आयोजन के बारे में जानकारी होनी चाहिए। संसद टी0वी0 के जरिए इसका प्रदर्शन होना चाहिए। प्रदर्शनी के जरिए प्रदेश की तकनीकी, सांस्कृतिक सम्पदा, एक जिला-एक उत्पाद आदि को दर्शाया जा रहा है। उप राष्ट्रपति जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी के बीच कार्यों के क्रियान्वयन का तालमेल बेजोड़ है। इसमें भ्रष्टाचार और अकुशलता के लिए कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री जी के निरन्तर प्रयासों से यू0पी0 तेजी से उद्यम प्रदेश बन रहा है। भारत को दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यता होने पर गर्व है, लेकिन हम बीच में कहीं खो गए थे। हालांकि अब हमने इसे फिर से गति दी है। इससे अधिक संतोषजनक कुछ नहीं हो सकता।

मुख्यमंत्री जी सुशासन के लिए फ्रण्ट फुट पर खेल रहे हैं। एक दशक तक आर्थिक स्थिति लड़खड़ा रही थी, लेकिन वर्तमान में 360 डिग्री का बदलाव बेहतरी का संदेश है और यह दुनियाभर के लिए निवेश का पसंदीदा वैश्विक गंतव्य बन चुका है। उप राष्ट्रपति जी ने कहा कि यू0पी0 सभी क्षेत्रों में विकास और नवाचार की गतिविधियों से भरा हुआ है। मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से प्रदेश में विश्वस्तरीय एयरपोर्ट, एक्सप्रेस-वे व हाईवे को सुदृढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के तीसरे कार्यकाल में 12 नए औद्योगिक क्षेत्र शुरू हुए हैं तथा ए0आई0 ने अपनी जगह बनायी है। विश्व बैंक और आई0एम0एफ0 हमारी प्रशंसा कर रहे हैं। हमारा डिजिटलीकरण और तकनीकी पैठ बहुत बढ़िया है। दो साल में देश की अर्थव्यवस्था जर्मनी और जापान से आगे बढ़कर तीसरे नम्बर पर पहुंच जाएगी। मेक इन इण्डिया के एक दशक ने विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम दिए हैं और यू0पी0 इसमें अग्रणी है।

उप राष्ट्रपति जी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक पृष्ठभूमि वाला राज्य है, जहां कानून-व्यवस्था की चुनौतियां एवं भय का माहौल था और विकास की सम्भावनाएं कम थीं। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में अब यह राज्य तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। यह परिवर्तन अकल्पनीय है। एक तरह से यू0पी0 का पूरा कायाकल्प हो गया है। अब यू0पी0 में भ्रष्टाचार अतीत की बात हो गया है। सबसे बड़ा राज्य यू0पी0 अब देश की बहुत बड़ी ताकत बन गया है। उप राष्ट्रपति जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश वर्ष 2027 तक 01 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य तक पहुंचने की आकांक्षा रखता है। यहां बुनियादी ढांचे पर बड़े
पैमाने पर ध्यान केन्द्रित किया गया है, जो इसे शक्तिशाली राज्य बनाता है। इन सभी में योगी इफेक्ट स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। नोएडा ने यू0पी0 के सकल घरेलू उत्पाद में 10 प्रतिशत का योगदान दिया है। यह शहर कौशल से भरपूर है। यह राज्य विकास का इंजन है और देश को आगे ले जाने के लिए तेजी से बढ़ रहा है। वे मुख्यमंत्री जी के विजन से प्रभावित हैं।

उप राष्ट्रपति जी ने कहा कि यह केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि सभी के लिए अवसरों की टोकरी है। यह कार्यक्रम आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय से वैश्विक के मंत्र को साकार करने वाला है। देश में बहुत बड़ा महायज्ञ हो रहा है, जो वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को पूरा करेगा। इसमें हम सभी को भी आहुति देनी होगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने उपराष्ट्रपति जी का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, देश में सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य है। यहां एम0एस0एम0ई0 की सर्वाधिक इकाइयां है। एक सर्वे के अनुसार प्रदेश में लगभग 96 लाख एम0एस0एम0ई0 इकाइयां 75 जनपदों में फैली हुई हैं। राज्य में एम0एस0एम0ई0 कृषि के बाद सर्वाधिक रोजगार सृजन करने वाला क्षेत्र है। इस क्षेत्र का एक लम्बा इतिहास है। प्रदेश के हस्तशिल्पियों तथा कारीगरों ने विगत अनेक वर्षों से अपने पारम्परिक उत्पादों के माध्यम से एम0एस0एम0ई0 के क्षेत्र में रोजगार सृजन कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दिया है। स्वतंत्रता के पश्चात उचित प्रोत्साहन तथा टेक्नोलॉजी के अभाव में यह इकाइयां लगभग बंदी के कगार पर पहुंच चुकी थीं।

वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने केउनके विजन को धरातल पर उतारने के लिए, प्रदेश में जिन कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया गया, उनमें एक जनपद एक उत्पाद योजना की उल्लेखनीय भूमिका है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के 75 जनपदों के यूनीक प्रोडक्ट्स को प्रोत्साहन, ब्राण्डिंग, मार्केटिंग, टेक्नोलॉजी, डिजाइनिंग तथा पैकेजिंग से जोड़ने का अभियान आगे बढ़ाया गया है। आज इसे देश व दुनिया में पहचान मिली है। यह उत्तर प्रदेश में रोजगार सृजन के सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में उभरा है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह उनके लिए व्यक्तिगत रूप से आनन्द और प्रोत्साहन का अवसर है कि प्रदेश को इस महीने में दूसरी बार उप राष्ट्रपति जी का मार्गदर्शन और सान्निध्य प्राप्त हो रहा है। यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से यहां प्रदेश के 75 जनपदों के उद्यमियों के उत्पादों को प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। इसका शुभारम्भ उप राष्ट्रपति जी द्वारा किया जा रहा है। यह हम सभी के लिए अत्यन्त आह्लादित करने वाला क्षण है। विगत 07 सितम्बर को गोरखपुर में उप राष्ट्रपति जी के कर-कमलों से पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले सैनिक स्कूल का लोकार्पण सम्पन्न हुआ था।

इस कार्यक्रम के बाद उन्होंने चित्रकूट में विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस ट्रेड शो के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग सेक्टर्स में हुए कार्यों तथा उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है। यहां गत वर्ष पहला यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो 21 से 25 सितम्बर, 2023 तक आयोजित किया गया था। उस समय भी यह देश दुनिया के लिए आकर्षण का केन्द्र बना था। पहले इण्टरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन भारत गणराज्य की राष्ट्रपति जी के कर-कमलों से सम्पन्न हुआ था। यह सौभाग्य की बात है कि इसके द्वितीय संस्करण का शुभारम्भ उप राष्ट्रपति जी के कर-कमलों से हो रहा है। मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम में उपस्थिति, मार्गदर्शन तथा सम्बोधन के लिए केन्द्रीय एम0एस0एम0ई0 मंत्री श्री जीतन राम मांझी जी के प्रति आभार प्रकट किया।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यहां पर 05 दिनों तक जी-टू-जी, जी-टू-बी तथा अन्य अनेक प्रकार के कार्यक्रम होंगे, जो न केवल प्रदेश के पोटेंशियल को बल्कि, यहां की सांस्कृतिक और सामाजिक विविधता के विभिन्न पक्षों को भी प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेंगे। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग सेक्टर के उद्यमियों को भी अपने उत्पादों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब प्रदेश, देश और दुनिया इस सदी की सबसे बड़ी महामारी कोविड-19 से जूझ रहे थे, उस समय देश के अलग-अलग राज्यों में कार्य करने वाले प्रदेश के लगभग 40 लाख श्रमिकों के सामने आजीविका का भीषण संकट था। पूरे देश को चिन्ता थी कि इन लोगों का क्या होगा। लेकिन हमें उत्तर प्रदेश के पोटेंशियल पर पूरा भरोसा था कि 40 लाख नहीं, बल्कि 04 करोड़ लोग भी आएंगे, तो उत्तर प्रदेश उन्हें यहां जगह देगा। प्रदेश में उन श्रमिकों के आते ही उनकी स्किल

मैपिंग कर, जनपदों को इसका डाटा उपलब्ध कराया गया। श्रमिकों को उनकी क्षमता के अनुसार सम्बन्धित इकाइयों में कार्य करने के लिए अवसर उपलब्ध करवाया गया। परिणामस्वरूप प्रदेश में कहीं भी कोई अव्यवस्था नहीं फैली। श्रमिकों ने अपने हुनर के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बूस्ट-अप किया। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश, भारत को 05 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था
बनाने के प्रधानमंत्री जी के अभियान में अपना अभूतपूर्व योगदान दे रहा है। प्रदेश 01 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ते हुए, ग्रोथ इंजन के रूप में दिखाई दे रहा है। इसमें एम0एस0एम0ई0 सेक्टर की एक बड़ी भूमिका है। यह वही उत्तर प्रदेश है, जो आज से 07 वर्ष पहले देश के विकास का बैरियर माना जाता था। हम लोगों को इस बारे में जरूर ध्यान में रखना होगा कि कोई भी बड़ा औद्योगिक निवेश बिना एम0एस0एम0ई0 बेस के आगे नहीं बढ़ सकता। यह हमारा सौभाग्य है कि राज्य में देश का सबसे बड़ा एम0एस0एम0ई0 का बेस मौजूद है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार केन्द्र सरकार के साथ मिलकर एम0एस0एम0ई0 सेक्टर के विकास के लिए अनेक कार्यक्रम आगे बढ़ा रही है। इसका परिणाम आज हम सबके सामने है। प्रदेश की एम0एस0एम0ई0 इकाइयों से जुड़े उद्यमियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था से जोड़कर, इकाई के आपदाग्रस्त होने पर 05 लाख रुपये की आर्थिक सहायता बीमा के रूप में उपलब्ध कराने का कार्य किया जाता है। प्रदेश में फ्लैटेड फैक्ट्री तथा निजी क्षेत्र में प्राइवेट इण्डस्ट्रियल पार्क के निर्माण की कार्यवाही तेजी के साथ आगे बढ़ी है। ओ0डी0ओ0पी0 की सफलता के साथ ही, आज प्रदेश 75 जी0आई0 टैग प्राप्त उत्पादों के साथ देश में सर्वाधिक जी0आई0 टैग वाला राज्य है। इसके माध्यम से प्रदेश के पारम्परिक उत्पादों को आगे बढ़ाने का कार्य हो रहा है। पहले यह प्रोत्साहन के अभाव में दम तोड़ रहे थे।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश एम0एस0एम0ई0 के बेहतरीन बेस के साथ ही, अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए भी जाना जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 07 एक्सप्रेस-वे पूरी तरह संचालित हैं। 06 एक्सप्रेस-वे के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 15 एयरपोर्ट क्रियाशील हैं तथा 10 अन्य एयरपोर्ट की दिशा में कार्य किया जा रहा है। 04 इण्टरनेशनल एयरपोर्ट वर्तमान में क्रियाशील हैं। देश का सबसे बड़ा नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर में बनकर तैयार हो रहा है। इसका वर्ष के अन्त तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वी उत्तर प्रदेश से जोड़ने के लिए देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेस-वे बन रहा है। इसको प्रयागराज महाकुम्भ-2025 के पूर्व क्रियाशील करने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किया जा रहा है। आज प्रदेश में सड़क और रेल का सबसे बेहतरीन नेटवर्क है। प्रदेश में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था है। राज्य देश में स्किल्ड और अनस्किल्ड मैनपावर का सबसे महत्वपूर्ण केन्द्र बनकर उभरा है। स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के माध्यम से प्रदेश के 02 करोड़ युवाओं को तकनीकी एवं डिजिटली रूप से सक्षम बनाने के लिए टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित करने की दिशा में सरकार तेजी से आगे बढ़ी है।

मुख्यमंत्री जी ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि 05 दिनों तक चलने वाला यह यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो अपने प्रथम संस्करण की तर्ज पर प्रदेश के उत्पादों, प्रदेश के पोटेंशियल तथा सांस्कृतिक विशेषता और सामाजिक विविधता को वैश्विक मंच तक
पहुंचाने में सफल होगा। मुख्यमंत्री जी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस ट्रेड शो में 2,500 से अधिक एक्जीबिटर्स तथा 350 से अधिक फॉरेन बायर्स उपस्थित हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री जी ने वियतनाम का पार्टनर कण्ट्री के रूप में योगदान देने के लिए आभार
व्यक्त किया। मुख्यमंत्री जी से वियतनाम के राजदूत श्री गुयेन थान हाई तथा वियतनाम के प्रतिनिधिमण्डल ने शिष्टाचार भेंट भी की।
केन्द्रीय एम0एस0एम0ई0 मंत्री श्री जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री जी के कार्यों की सराहना करते हुए यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो के द्वितीय संस्करण की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ओ0डी0ओ0पी0 योजना की सराहना करते हुए कहा कि देश में औद्योगिक वातावरण बनाने में यू0पी0 महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

देश के आर्थिक विकास का रास्ता उत्तर प्रदेश से जाता है। यहां प्रदेश सरकार द्वारा विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर देने की वजह से उत्तर प्रदेश निवेशकों का चहेता डेस्टिनेशन बन चुका है। केन्द्र सरकार की ओर से यू0पी0 को एम0एस0एम0ई0 सेक्टर के लिए हर सम्भव मदद दी जाएगी।

एम0एस0एम0ई0 सेक्टर भारत से निर्यात में 45 प्रतिशत का योगदान देता है। उत्तर प्रदेश में देश की 14 प्रतिशत एम0एस0एम0ई0 इकाइयां स्थापित हैं, जिनकी संख्या 96 लाख से अधिक हैं। इससे देश की अर्थव्यवस्था को बल मिलता है। साथ ही महिला सशक्तिकरण में भी इस सेक्टर का बड़ा योगदान है ज्ञातव्य है कि ग्रेटर नोएडा के इण्डिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितम्बर, 2024 तक यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो के द्वितीय संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। इसमें रक्षा, कृषि, ई-कॉमर्स, आई0टी0, जी0आई0, शिक्षा, अवस्थापना, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, डेयरी उद्योग आदि से सम्बन्धित 2,500 स्टॉल लगाए गए हैं। एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र को ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए इस ट्रेड शो का आयोजन लगातार दूसरे साल किया जा रहा है। इस वर्ष यू0पी0आई0टी0एस0 में लगभग 70 देशों के प्रतिभाग करने और 04 लाख फुटफॉल की सम्भावना है। इसके अतिरिक्त, यू0पी0आई0टी0एस0 में खादी के परिधानों का फैशन शो और कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया जाएगा। ट्रेड शो में प्रदेश के निर्यातकों, ओ0डी0ओ0पी0 और महिला उद्यमियों का प्रतिभाग बड़े स्तर पर हो रहा है। इससे छोटे उद्यमियों को ग्लोबल शो-केस मिलेगा।

उद्घाटन समारोह में प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, एम0एस0एम0ई0 मंत्री श्री राकेश सचान, जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह, मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद, परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह, लोक निर्माण राज्यमंत्री श्री बृजेश सिंह, संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री श्री जसवंत सैनी, सांसद श्री महेश शर्मा, श्री सुरेन्द्र नागर, विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह, विधायक श्री तेजपाल सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्री नरेन्द्र भाटी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, एक्सपो मार्ट के चेयरमैन श्री राकेश कुमार सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा देश-प्रदेश से आए उद्यमी, हस्तशिल्पी, एक्जीबिटर्स, बायर्स आदि उपस्थित थे।

Source: https://information.up.gov.in

Exit mobile version