एक-दो दिन में बिगड़ने वाला है मौसम, इन राज्यों में होगी बारिश

दिल्ली समेत कई राज्यों में कई दिनों से मौसम साफ है। पिछले दिनों की तुलना में सुबह-शाम के तापमान में भी बढोत्तरी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में एक बार फिर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा समेत कई राज्यों में तापमान में गिरावट के साथ ही कड़ाके की ठंड पड़ने के फिर से आसार हैं। देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार से एक बार फिर मौसम बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार और अगले दो से तीन दिन मौसम खराब रहेगा। इस बीच, पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी रहेगी। उत्तराखंड में मंगलवार से हल्की बारिश और बर्फबारी होने का मौसम विभाग ने अनुमान जताया है।

एक-दो दिन में हो सकती है बारिश

वहीं, देश की राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज करने के साथ दिल्लीवासियों की सोमवार की सुबह सुखद रही। मौसम विभाग के अनुसार दिन के लिए मुख्य रूप से आसमान साफ ​​रहने की भविष्यवाणी की है और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद जताई है। साथ ही बुधवार को हल्की बारिश के साथ आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहने की भी भविष्यवाणी की गई है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान से एक डिग्री अधिक 24.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 262 दर्ज की गई। फरीदाबाद में AQI (289), गाजियाबाद (316), ग्रेटर नोएडा (217), गुड़गांव (244) और नोएडा (219) पर एक्यूआइ दर्ज किया गया।

Exit mobile version