https://support.google.com/news/publisher-center/answer/13060993
उत्तर प्रदेशराज्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ: उत्तर प्रदेश में कानून का राज होने से बढ़ा जनता का आत्मविश्वास

UP PAC स्थापना दिवस 2025 पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज होने से जनता का आत्मविश्वास बढ़ा है और पीएसी की भूमिका सराहनीय रही है।

लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के 78वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा में पीएसी की भूमिका की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज जो आत्मविश्वास दिखाई देता है, उसके पीछे सबसे बड़ा कारण “कानून का राज” है। सुरक्षित माहौल में ही सुशासन संभव है और सुशासन से ही निवेश, विकास और युवाओं के सपनों को मजबूती मिलती है।

पीएसी के 78 गौरवशाली वर्षों को बताया प्रेरणास्रोत

35वीं वाहिनी पीएसी महानगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएसी के 78 वर्षों के अनुशासन, शौर्य, त्याग और समर्पण को प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ बताया। इस अवसर पर 47वीं वाहिनी को सर्वश्रेष्ठ वाहिनी और कृष्ण कुमार मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में सम्मानित किया गया।

कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा में पीएसी की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएसी ने देश और प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी हर चुनौती का साहसपूर्वक सामना किया है। उन्होंने 2001 के संसद हमले और 2005 में अयोध्या में हुए आतंकी हमलों का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएसी, यूपी पुलिस और केंद्रीय बलों ने मिलकर आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया।

भर्ती, प्रशिक्षण और तकनीकी सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने पीएसी की 46 कंपनियों को पुनर्जीवित किया है। अब तक 41,893 आरक्षियों और 698 प्लाटून कमांडरों की भर्ती की जा चुकी है। इसके अलावा हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जिससे पीएसी की क्षमता और मजबूत होगी।

पीएसी में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने पीएसी में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा दिया है। पहली बार तीन अतिरिक्त महिला वाहिनियों का गठन किया गया है और आगे भी महिला बटालियनों की संख्या बढ़ाई जा रही है। आज उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 44 हजार से अधिक महिला कार्मिक सेवाएं दे रही हैं।

also read:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा दावा: चार करोड़ वोटर…

पुलिस कल्याण और आधुनिक सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने पुलिस कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश में 31 पुलिस मॉडर्न स्कूल संचालित हैं। जवानों को सस्ती दरों पर जरूरी सामान उपलब्ध कराने के लिए मास्टर कैंटीन और सब्सिडियरी कैंटीन चलाई जा रही हैं।

आधुनिक पुलिसिंग से बदली यूपी की छवि

उन्होंने कहा कि मॉडर्न पुलिसिंग, साइबर थाने, अत्याधुनिक एफएसएल लैब, हाई-राइज पुलिस भवन और सेफ सिटी परियोजनाएं आज यूपी पुलिस की पहचान बन चुकी हैं। बीते आठ वर्षों में 2.19 लाख से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है।

खिलाड़ियों और जवानों का सम्मान

समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। साथ ही पीएसी बैंड द्वारा प्रस्तुत वंदे मातरम् की सराहना करते हुए जवानों के साहस, अनुशासन और समर्पण को प्रदेश की ताकत बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंत में आश्वासन दिया कि सरकार पीएसी और पुलिस बल के सम्मान, संसाधन और कल्याण के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।

For English News: http://newz24india.in

Related Articles

Back to top button