राज्यदिल्ली

अरविंद केजरीवाल की पंजाब विधायकों संग दिल्ली में बैठक, बोले– “अगले चुनाव में अब सिर्फ 10 महीने बचे हैं”

अरविंद केजरीवाल ने पंजाब विधायकों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की और पश्चिम बंगाल चुनाव व वोट कटौती को लेकर बयान दिया।

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली में पंजाब के विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में उन्होंने आगामी राजनीतिक रणनीति और पंजाब में सरकार के प्रदर्शन को लेकर चर्चा की।

अरविंद केजरीवाल ने बैठक के दौरान कहा कि पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव में अब केवल 10 महीने का समय बचा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह दुर्लभ होता है कि चुनाव से ठीक पहले किसी सरकार के काम की व्यापक रूप से सराहना हो रही हो, लेकिन पंजाब सरकार के कार्यों की चर्चा हर तरफ हो रही है।

बैठक में अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। केजरीवाल ने कहा कि हाल ही में हुए चुनाव “सामान्य चुनाव नहीं बल्कि एक तरह का तांडव” था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी अपनी विधानसभा में लगभग 42 हजार वोटों में कटौती हुई, जबकि पिछला चुनाव उन्होंने 30 हजार वोटों से जीता था।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस बार वह मात्र 3 हजार वोटों से हार गए और यदि इतने बड़े पैमाने पर वोटों में बदलाव न होता तो परिणाम अलग हो सकते थे। केजरीवाल ने इसे लोकतंत्र के लिए चिंताजनक स्थिति बताया।

also read:- अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों पर उठाए सवाल, भाजपा…

AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि 2014 के आम चुनावों के बाद देश के कई राज्यों में भाजपा ने जीत दर्ज की, लेकिन 2015 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को केवल 3 सीटें मिली थीं। उन्होंने इसे जनता के फैसले का उदाहरण बताया और कहा कि “अश्वमेघ का घोड़ा दिल्ली में रुक गया था।”

अरविंद केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि आगामी पंजाब चुनावों में आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि मेहनत और संगठन की ताकत से परिणाम बदले जा सकते हैं।

उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी पंजाब और पंजाबियों के प्रति नकारात्मक रवैया रखती है। उनके अनुसार यदि पंजाब में ऐसी विचारधारा वाली सरकार आती है तो यह राज्य के हित में नहीं होगा।

इस बैठक के बाद पंजाब की राजनीति में एक बार फिर सरगर्मी बढ़ गई है और सभी दल आगामी चुनावों को लेकर अपनी रणनीति को और तेज करने में जुट गए हैं।

For English News: http://newz24india.in

Related Articles

Back to top button