राज्यपंजाब

CM भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने अमृतसर में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम में की शिरकत, पंजाबवासियों के लिए 5 बड़े ऐलान

अमृतसर में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम में CM भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने शिरकत की। पंजाब के लिए 5 बड़े ऐलान, काली माता मंदिर का नवीनीकरण, नए तीर्थ यात्रा रूट और लव-कुश मंदिर की घोषणा।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज अमृतसर में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ में भाग लिया और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के लोगों के लिए पांच बड़े ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने घोषणा की कि ‘एक शाम शिव जी के नाम’ कार्यक्रम अब पंजाब के 22 शहरों में आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बन सकें।

इसके अलावा पटियाला स्थित प्रसिद्ध काली माता मंदिर के व्यापक विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य मंदिर परिसर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना है।

also read:- नशा मुक्त राज्य बनने की ओर बढ़ रहा पंजाब, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नशा छोड़ चुके नौजवानों को ‘सूरमे’ के रूप में किया सम्मानित

अरविंद केजरीवाल ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का विस्तार किया जाएगा। योजना में सालासर-खाटू श्याम, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन के तीन नए धार्मिक मार्ग शामिल किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा।

उन्होंने घोषणा की कि आगामी 1 अगस्त से पूरे पंजाब में ‘हमारे राम’ नाटक का मंचन शुरू किया जाएगा। यह नाटक भगवान राम के जीवन, आदर्शों और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

एक अन्य महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए केजरीवाल ने कहा कि अमृतसर में भगवान श्रीराम के पुत्रों लव-कुश और माता जानकी को समर्पित भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। यह मंदिर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब की समृद्ध धार्मिक विरासत को संरक्षित करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान शिव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

For English News: http://newz24india.in

Related Articles

Back to top button