ट्रेंडिंगविज्ञान-टेक्नॉलॉजी

SEMICON India 2026: पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, दुनिया के सामने दिखेगा भारत का चिप मिशन

SEMICON India 2026 का आयोजन 17 से 19 सितंबर तक यशोभूमि दिल्ली में होगा। जानें पीएम मोदी के उद्घाटन, चिप मिशन और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम की खास बातें।

भारत के सेमीकंडक्टर सेक्टर के लिए सितंबर का महीना अहम होने जा रहा है। SEMICON India 2026 का पांचवां संस्करण 17 से 19 सितंबर तक नई दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि में आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को इस तीन दिवसीय सम्मेलन और प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में वैश्विक सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनियां, निवेशक, विशेषज्ञ, शोधकर्ता, स्टार्टअप और छात्र हिस्सा लेंगे।

‘सिलिकॉन से सिस्टम तक’ है इस साल की थीम

इस बार SEMICON India 2026 की थीम “Silicon to Systems: Building the Ecosystem” रखी गई है। इसका फोकस केवल चिप निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन के अलग-अलग हिस्सों को भारत में विकसित करने पर है।

इसमें चिप डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, एडवांस्ड पैकेजिंग, टेस्टिंग, उपकरण, सामग्री, सप्लाई चेन, रिसर्च और कुशल वर्कफोर्स जैसे क्षेत्र शामिल हैं। कार्यक्रम में भारत की इस पूरी इकोसिस्टम बनाने की कोशिश को प्रदर्शित किया जाएगा।

600 से ज्यादा प्रदर्शक और 300 अंतरराष्ट्रीय कंपनियां

इस बार आयोजन का दायरा भी बड़ा रखा गया है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक SEMICON India 2026 में 600 से ज्यादा प्रदर्शक हिस्सा लेंगे, जिनमें करीब 300 अंतरराष्ट्रीय कंपनियां शामिल हैं। प्रदर्शनी के लिए 15,000 वर्ग मीटर से अधिक जगह उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम में छह कंट्री पवेलियन और 12 स्टेट पवेलियन के साथ स्टार्टअप शोकेस, इनोवेशन शोकेस, स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता, स्टूडेंट हैकाथॉन और वर्कफोर्स डेवलपमेंट पवेलियन जैसे कार्यक्रम भी होंगे। 40 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधिमंडल और 150 से अधिक वक्ताओं की भागीदारी भी तय की गई है।

किन बड़ी कंपनियों की होगी भागीदारी?

सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की कई बड़ी वैश्विक और भारतीय कंपनियां इस आयोजन में हिस्सा लेंगी। इनमें ASML, Applied Materials, Infineon, IBM Research, NXP, Tata Electronics, Micron, Lam Research, CG Power, Advantest और Tokyo Electron जैसी कंपनियों के नाम शामिल हैं।

इससे भारत में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई चेन और इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम को लेकर वैश्विक कंपनियों के साथ संवाद और साझेदारी के अवसरों पर भी चर्चा होगी।

12 सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट्स पर आगे बढ़ा काम

भारत के चिप मिशन की प्रगति को समझने के लिए SEMICON India 2026 इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सरकार के मुताबिक Semicon India Programme के तहत अब तक 12 सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिल चुकी है। इन परियोजनाओं में करीब 1.64 लाख करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता है।

इनमें सिलिकॉन और कंपाउंड सेमीकंडक्टर फैब, डिस्प्ले फैब्रिकेशन और एडवांस्ड पैकेजिंग से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं। सरकार के अनुसार 12 में से तीन परियोजनाओं में कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हो चुका है।

also read:- Flipkart Big Billion Days 2026: 9 अक्टूबर से शुरू होगी…

Semicon 2.0 से बढ़ेगा फोकस

सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने Semicon 2.0 को भी मंजूरी दी है। इसके तहत चिप डिजाइन, सेमीकंडक्टर उपकरण और सामग्री, फैब्रिकेशन, एडवांस्ड पैकेजिंग, रिसर्च एवं डेवलपमेंट और टैलेंट डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों पर ध्यान दिया जा रहा है।

इसका उद्देश्य भारत में चिप निर्माण के साथ उससे जुड़े दूसरे जरूरी क्षेत्रों की क्षमता विकसित करना और सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन में देश की भूमिका को मजबूत करना है।

चिप डिजाइन और स्किल डेवलपमेंट पर भी जोर

भारत के सेमीकंडक्टर मिशन में केवल मैन्युफैक्चरिंग ही नहीं, बल्कि डिजाइन और प्रतिभा विकास को भी महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। सरकार के मुताबिक 332 से ज्यादा शैक्षणिक संस्थानों और 105 स्टार्टअप्स को अत्याधुनिक डिजाइन टूल्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं Design Linked Incentive यानी DLI योजना के तहत 24 स्टार्टअप्स को मंजूरी मिली है।

Chips to Startup कार्यक्रम के तहत 68,000 से ज्यादा छात्रों को प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी भी सरकारी स्रोतों में दी गई है। इससे भारत में भविष्य के सेमीकंडक्टर इंजीनियरों और चिप डिजाइन विशेषज्ञों का आधार तैयार करने पर जोर दिखाई देता है।

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में भी बड़ा विस्तार

भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन क्षमता में भी पिछले वर्षों में विस्तार हुआ है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स का उत्पादन 2014-15 में करीब 1.9 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में लगभग 12 लाख करोड़ रुपये हो गया था।

ऐसे में SEMICON India 2026 भारत के चिप निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजाइन और सप्लाई चेन से जुड़े प्रयासों को एक ही मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देगा। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन उद्योग, सरकार, निवेशकों, स्टार्टअप और तकनीकी विशेषज्ञों के बीच सहयोग पर भी फोकस करेगा।

For English News: http://newz24india.in

Related Articles

Back to top button