सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने फिटनेस को बताया सफलता की कुंजी
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ (Sansad Khel Mahotsav 2025) का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर युवाओं और खिलाड़ियों को फिटनेस को जीवनशैली में शामिल करने की प्रेरणा दी और कहा: “पियो दूध, खाओ घी, खूब खेलो और बनो चैंपियन!” कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। सांसद आलोक शर्मा ने मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत वस्त्र पट्टिका और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।
पाकिस्तान पर जीत का जिक्र, दर्शकों में जोश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में भारत की पाकिस्तान पर क्रिकेट में जीत का जिक्र करते हुए कहा: “टीम इंडिया ने पाकिस्तान को पटखनी दी। ऐसा लगा जैसे अभिषेक शर्मा ने अभिषेक कर दिया।” उन्होंने कहा कि भारत की सेना और खिलाड़ी दोनों ही हर मोर्चे पर पाकिस्तान को पराजित करते हैं, जिससे कार्यक्रम में बैठे लोगों में जोश भर गया।
यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में देश में खेलों के क्षेत्र में नई क्रांति हुई है… pic.twitter.com/x08wLz9AGT
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 24, 2025
फिट इंडिया अभियान को खेल क्रांति से मिलेगी ताकत
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फिट इंडिया मूवमेंट युवाओं में खेलों के ज़रिए स्वास्थ्य और अनुशासन को बढ़ावा देता है। उन्होंने जोर देकर कहा: “भोजन में तेल घटाइए, जीवन में खेल बढ़ाइए।” मुख्यमंत्री ने परंपरागत भारतीय आहार – दूध, घी और मक्खन को शामिल करने की सलाह दी और खेलों की सांस्कृतिक विरासत का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले विवाह के लिए भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती थीं।
मध्यप्रदेश के खिलाड़ी हर क्षेत्र में कर रहे हैं उत्कृष्ट प्रदर्शन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने मलखंभ, जूडो, कराटे जैसे खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि अब स्पोर्ट्स टीचर्स को भी प्रमोशन और सम्मान उसी तरह मिलेगा जैसे अन्य शिक्षकों को मिलता है – कुलपति तक बनने का अवसर भी मिलेगा।
71,000+ खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन, गांव से शहर तक खेल आयोजन
सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि भोपाल-सीहोर संसदीय क्षेत्र से 71,205 खिलाड़ियों ने 24 से अधिक खेलों के लिए पंजीकरण कराया है। ये सभी प्रतियोगिताएं पंचायत से लेकर नगर निगम स्तर तक आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के युवा खेल महोत्सव से युवाओं को खेलों और फिटनेस के प्रति नया जोश मिला है।
खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, मलखंभ बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में खेल और युवा कल्याण विभाग की 18 महिला खिलाड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। ताइक्वांडो, कुश्ती, कराटे, जूडो और विशेष रूप से मलखंभ ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मॉडल स्कूल के बैंड की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



