राज्यउत्तर प्रदेश

विश्व वानिकी दिवस पर लखनऊ में जुटेंगे देशभर के विशेषज्ञ, CM योगी आदित्यनाथ होंगे मुख्य अतिथि

21 मार्च को मनाए जाने वाले विश्व वानिकी दिवस 2026 के अवसर पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में देशभर के वन विशेषज्ञ जुटेंगे।

21 मार्च को मनाए जाने वाले विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में देशभर के वन विशेषज्ञ एक मंच पर एकत्रित होंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे।

विश्व वानिकी दिवस के इस राष्ट्रीय कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विभिन्न राज्यों में चल रहे वनीकरण, वन संरक्षण और पारिस्थितिकी संतुलन से जुड़े प्रयासों का तुलनात्मक अध्ययन करना और अनुभव साझा करना है। कार्यक्रम में विशेष रूप से कैंपा योजना के तहत किए जा रहे कार्यों, पौधारोपण, जल संरक्षण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े नवाचारों पर चर्चा की जाएगी।

कार्यशाला में विभिन्न राज्यों के प्रधान मुख्य वन संरक्षक, विभागाध्यक्ष और कैंपा (क्षतिपूर्ति वनीकरण कोष प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण) से जुड़े विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। इस अवसर पर मानव-वन्यजीव संघर्ष में कमी लाने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने वाले उपायों पर भी विस्तार से विचार किया जाएगा।

also read:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीरजापुर में नवरात्र मेला और मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की तैयारियों का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के दौरान पीलीभीत टाइगर रिजर्व और सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग की कई महत्वपूर्ण रिपोर्टों का विमोचन करेंगे। इसके साथ ही वन विभाग की लघु फिल्मों का भी अनावरण किया जाएगा।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर वानिकी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, संस्थाओं और आम नागरिकों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। साथ ही कृषि वानिकी में योगदान करने वाले किसानों को कार्बन क्रेडिट के चेक भी प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम में तकनीक और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से वनों के संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। तकनीकी सत्रों में “उन्नत वानिकी” के लिए श्रेष्ठ प्रथाओं पर विभिन्न राज्यों के प्रस्तुतीकरण होंगे।

मुख्य रूप से यह कार्यक्रम विश्व वानिकी दिवस पर देशभर में वनों के संरक्षण और वनीकरण के महत्व को उजागर करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।

For English News: http://newz24india.in

Related Articles

Back to top button