पैपराजी पर फूटा सलमान खान का गुस्सा: आधी रात को अस्पताल के बाहर भड़के भाईजान, कहा- ’60 का हुआ हूं, लड़ना नहीं भूला’
पैपराजी पर भड़के सलमान खान। हिंदुजा अस्पताल के बाहर और सोशल मीडिया पर निकाला गुस्सा, कहा- 60 का हो गया हूं लेकिन लड़ना नहीं भूला। पूरी खबर पढ़ें।
बॉलीवुड के ‘सुल्तान’ सलमान खान इन दिनों जबरदस्त चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर अमूमन शांत रहने वाले या सिर्फ अपनी फिल्मों का प्रमोशन करने वाले सलमान खान का देर रात एक बेहद आक्रामक रूप देखने को मिला। मुंबई के हिंदुजा अस्पताल के बाहर पैपराजी (फोटोग्राफरों) की हरकतों से परेशान होकर सुपरस्टार का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। अस्पताल के बाहर फटकार लगाने के बाद भी जब भाईजान का गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो उन्होंने आधी रात को सोशल मीडिया पर बैक-टू-बैक कई पोस्ट शेयर करके पैपराजी को आड़े हाथों लिया।
दरअसल, बीती रात सलमान खान को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल के बाहर स्पॉट किया गया था। जैसे ही वे अस्पताल से बाहर निकले, वहां मौजूद पैपराजी ने उन्हें अपने कैमरों में कैद करने के लिए ‘भाई-भाई’ चिल्लाना शुरू कर दिया। अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की हूटिंग देखकर सलमान खान बुरी तरह भड़क गए और उन्होंने मौके पर ही फोटोग्राफरों को जमकर डांट लगाई।
फिल्म से ज्यादा जिंदगी जरूरी: सलमान खान
अस्पताल की घटना के बाद सलमान खान ने देर रात लगभग तीन बजे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर अलग-अलग एक्सप्रेशन वाली अपनी कई सेल्फी पोस्ट कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने जो कैप्शन लिखे, उसने पूरी इंडस्ट्री को हैरान कर दिया। अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि’ (Matrubhoomi) का जिक्र करते हुए सलमान ने साफ लफ्जों में लिखा कि उनके लिए फिल्म से ज्यादा जिंदगी की अहमियत है।
also read:-कान्स फिल्म फेस्टिवल हुमा कुरैशी लुक वायरल: बॉस लेडी अंदाज…
View this post on Instagram
सलमान ने अपनी पोस्ट में लिखा:
“अगर मैंने किसी प्रेस को अस्पताल में मेरे दर्द का मजा लेते हुए देखा, जिसके लिए मैं हमेशा खड़ा रहा हूं, बातचीत की है, और यह सुनिश्चित किया है कि वे भी अपनी रोजी-रोटी कमा सकें… लेकिन अगर वे मेरे नुकसान से पैसा कमाना चाहते हैं, तो चुप रहो, मजे न लो। पिक्चर ज्यादा जरूरी है या जिंदगी?”
View this post on Instagram
’60 का हो गया हूं, लेकिन लड़ना नहीं भूला’
फोटोग्राफरों के इस रवैये से आहत सलमान खान ने अपनी उम्र का हवाला देते हुए मीडिया को चेतावनी भी दे डाली। एक बेहद गंभीर मुद्रा वाली सेल्फी साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “साठ साल का हो गया हूं, लेकिन लड़ना नहीं भूला, ये याद रख लेना। जेल में डालोगे, हा हा…”
इसके साथ ही उन्होंने एक मुस्कुराती हुई तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि अगर अगली बार किसी ने उनके या उनके भाई के दुख पर इस तरह मजे लेने की कोशिश की, तो वो इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने पैपराजी से सवाल किया कि अगर उनके परिवार का कोई सदस्य अस्पताल में भर्ती होता, तो क्या वे तब भी ऐसा ही तमाशा करते?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोटोग्राफरों ने पहले ट्रैफिक सिग्नल पर सलमान खान की गाड़ी को स्पॉट किया था, जिसके बाद उन्होंने अस्पताल तक उनका पीछा किया। फिलहाल भाईजान का यह बेहद कड़ा रुख और सोशल मीडिया पोस्ट्स इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, और फैंस भी अस्पताल परिसर में प्राइवेसी का सम्मान करने को लेकर सलमान खान का समर्थन कर रहे हैं।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



