मनोरंजनट्रेंडिंग

‘मैं खुद को सही साबित करने नहीं आई…’ ट्रोलिंग के बीच शिल्पा शिंदे ने दिया जवाब, बोलीं- झूठ का बोझ नहीं उठा सकती थी

संजय कोहली पर लगाए गए पुराने आरोपों को लेकर विवादों में घिरीं शिल्पा शिंदे, वीडियो शेयर कर ट्रोलर्स को दिया जवाब

शिल्पा शिंदे ने संजय कोहली पर लगाए गए झूठे यौन उत्पीड़न आरोपों को लेकर सफाई दी। ट्रोलिंग के बीच कहा- मैं अपनी अंतरात्मा के लिए सच बोल रही हूं।

टेलीविजन इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री शिल्पा शिंदे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में ऐसा खुलासा किया, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी। शिल्पा ने स्वीकार किया कि साल 2016 में टीवी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ के प्रोड्यूसर संजय कोहली पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप झूठे थे। इस बयान के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।

अब बढ़ते विवाद और आलोचनाओं के बीच शिल्पा शिंदे ने एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने यह स्वीकारोक्ति किसी दबाव में नहीं बल्कि अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर की है।

वीडियो में क्या बोलीं शिल्पा शिंदे?

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में शिल्पा शिंदे ने कहा कि उन्हें पता था कि उनके बयान के बाद विवाद खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने पूरे पॉडकास्ट को देखे बिना केवल एक क्लिप के आधार पर उनके बारे में राय बना ली।

शिल्पा ने कहा, “मुझे पता है कि मैंने जो किया, वह सही किया। लोगों के नेगेटिव कमेंट्स से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। अगर कोई पूरे मामले को समझे बिना फैसला सुनाता है, तो वह उसकी सोच है।”

उन्होंने आगे कहा कि वह लोगों को जवाब देने या खुद को सही साबित करने नहीं आई हैं, बल्कि अपने मन पर पड़े झूठ के बोझ को खत्म करना चाहती थीं।

’10 साल पहले भी सच बता सकती थी’

अभिनेत्री ने कहा कि वह चाहतीं तो यह बात दस साल पहले भी सार्वजनिक कर सकती थीं, लेकिन उन्होंने अब सच सामने लाने का फैसला किया। उनके मुताबिक, यह फैसला आसान नहीं था क्योंकि उस दौर में वह मानसिक रूप से बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रही थीं।

शिल्पा ने कहा, “मैं खुद को दुनिया के सामने सही साबित करने नहीं आई हूं। मैं सिर्फ अपनी अंतरात्मा के सामने ईमानदार होना चाहती थी। जिस झूठ के साथ मैं सालों से जी रही थी, उसका बोझ अब और नहीं उठा सकती थी।”

‘सॉरी बहुत छोटा शब्द है’

अपने बयान में शिल्पा शिंदे ने अफसोस भी जताया। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति पर उन्होंने आरोप लगाए थे, वह पूरी सच्चाई जानता है। अभिनेत्री ने माना कि उन्हें अपने फैसले पर पछतावा है, लेकिन उस समय उनकी मानसिक स्थिति बेहद खराब थी।

उन्होंने कहा, “मुझे अफसोस है। ‘सॉरी’ बहुत छोटा शब्द है, लेकिन उस व्यक्ति को पता है कि मैं किन हालात से गुजर रही थी। उस वक्त मुझे लग रहा था कि मेरे पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था।”

आत्महत्या के विचार आने का भी किया खुलासा

शिल्पा शिंदे ने खुलासा किया कि उस समय वह इतने तनाव में थीं कि उनके मन में आत्महत्या तक के विचार आने लगे थे। उन्होंने कहा कि उस दौर की तकलीफ और संघर्ष को बहुत कम लोग समझ सकते हैं।

अभिनेत्री के मुताबिक, उस कठिन समय में उन्हें इंडस्ट्री से भी ज्यादा समर्थन नहीं मिला था, जिसके कारण वह मानसिक रूप से टूट चुकी थीं।

ALSO READ:- रणवीर सिंह–FWICE विवाद: ‘डॉन 3’ मामले में नॉन-कोऑपरेशन…

‘मुझे किसी से डर नहीं लगता’

वीडियो में शिल्पा ने यह भी कहा कि जब इंसान जानता है कि उसने गलत इरादे से कुछ नहीं किया, तो उसे किसी का डर नहीं होता। उन्होंने कहा कि उन्हें लोगों की आलोचनाओं या ट्रोलिंग से कोई फर्क नहीं पड़ता और वह हर तरह की प्रतिक्रिया का सामना करने के लिए तैयार हैं।

शिल्पा ने यह भी आरोप लगाया कि इंडस्ट्री में कई ऐसे लोग हैं जो कलाकारों के साथ गलत व्यवहार करते हैं, लेकिन उनके खिलाफ शायद ही कभी कोई कार्रवाई होती है।

सोशल मीडिया पर बढ़ा विवाद

शिल्पा शिंदे के इस कबूलनामे के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जबकि कुछ लोगों ने उनकी ईमानदारी की सराहना भी की। वहीं कुछ संगठनों ने भी इस मामले में जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।

वीडियो के साथ शिल्पा ने कैप्शन में लिखा कि पूरे पॉडकास्ट को देखे बिना केवल एक लाइन के आधार पर फैसला सुनाना एक तरह का “पेड पीआर कैंपेन” है। उन्होंने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों का धन्यवाद भी किया।

For English News: http://newz24india.in

Related Articles

Back to top button