AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने हरभजन सिंह के आरोपों को झूठा बताते हुए BJP पर निशाना साधा। राज्यसभा सीट विवाद पर राजनीति गरमा गई है।
आम आदमी पार्टी (AAP) और पूर्व क्रिकेटर से नेता बने रभजन सिंह के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। AAP के वरिष्ठ नेता और विधायक सौरभ भारद्वाज ने हरभजन सिंह के उन आरोपों पर कड़ा जवाब दिया है, जिनमें उन्होंने पंजाब की राज्यसभा सीटें “बेचे जाने” का दावा किया था।
सौरभ भारद्वाज ने आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि अगर हरभजन सिंह के मुताबिक राज्यसभा सीट के लिए किसी तरह का लेन-देन हुआ था, तो उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि पैसे किसे और कब दिए गए। उन्होंने कहा कि बिना सबूत ऐसे गंभीर आरोप लगाना सही नहीं है।
“BJP में जाते ही ऐसे बयान सामने आते हैं” – AAP का आरोप
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि जब भी आम आदमी पार्टी का कोई पूर्व नेता भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होता है, तो उसके बाद इस तरह के बयान सामने आने लगते हैं। उन्होंने इसे “झूठे आरोपों की राजनीति” बताया।
also read: संजय सिंह की ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा का…
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भी कपिल मिश्रा ने AAP में रहते हुए कई आरोप लगाए थे, जिनमें दावा किया गया था कि मंत्री सत्येन्द्र जैन ने अरविंद केजरीवाल को पैसे दिए थे। हालांकि बाद में कपिल मिश्रा ने अदालत में माफी भी मांगी थी।
हरभजन सिंह के आरोप क्या हैं?
हाल ही में सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बाद हरभजन सिंह ने AAP पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि पंजाब की राज्यसभा सीटें “बेची गई थीं” और समय आने पर वे इस पर पूरी जानकारी सामने रखेंगे।
उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें “गद्दार” कहने वालों को पहले अपने नेताओं से पूछना चाहिए कि राज्यसभा सीटों के बदले कितना लेन-देन हुआ था।
राजनीतिक विवाद और बढ़ा तनाव
इस बयान के बाद AAP और हरभजन सिंह के बीच राजनीतिक विवाद और गहरा गया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं, जिससे मामला अब सार्वजनिक बहस का मुद्दा बन चुका है।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



